पाकिस्तानियों के हरियाणा छोड़ने का आज आखिरी दिन
Sirsa News (आज समाज) सिरसा: सीएम नायब सैनी ने कहा कि जो भी व्यक्ति पाकिस्तान से आया है। उसे ट्रेस किया जाएगा और प्रदेश से बाहर निकाला जाएगा। सीएम ने कहा कि नि भी लोगों ने पहलगाम में निहत्थे लोगों पर गोली चलाई है। उन्हें इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। अब समय भी है कि पाकिस्तान के खिलाफ मजबूती से लड़ा जाए। इसके लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा। पाकिस्तान से आए लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। सीएम नायब सैनी ने गत देर रात सिरसा में रानियां रोड स्थित तारा बाबा कुटिया में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया।
सीएम नायब सिंह ने 18 मिनट से ज्यादा समय के भाषण में कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये हरियाणा के लोग हैं। कांग्रेस की ऐसी हालत कर दी, कहीं खाता भी नहीं खुला। कई के तो खाते भी बंद हो गए। खतरा संविधान को नहीं, कांग्रेस को था, कहीं झूठ की दुकानदारी बंद न हो जाए। सीएम नायब सिंह सैनी ने शनिवार को जिला सिरसा को लगभग 61 करोड़ 33 लाख रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। सीएम ने नवनिर्मित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह के साथ ही 4 अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
किसानों की मदद करेंगी सरकार
सीएम सैनी कहा कि अगर किसी किसान की फसल जली है तो उसकी सरकार मदद करेगी। इसकी रिपोर्ट किसान डीसी को करें। उसकी वेरिफिकेशन करवाई जाएगी। कांग्रेस इस पर किसानों में भ्रम फैला रही है।
समाज से नशे को जड़ से खत्म करना है
सीएम नायब सिंह ने कहा कि हमें समाज से नशे को जड़ से खत्म करना है, हम यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि क्रॉस बॉर्डर से नशा नहीं आना चाहिए। नशे के कारण परिवार खत्म हो जाता है। हाल ही में विश्वविद्यालयों के कुलपतियों से कहा है कि वे यह सुनिश्चित करें कि उनके कैंपस में किसी प्रकार का नशा नहीं होना चाहिए। यदि कोई नशा फैलाने का काम करता है, तो उनके खिलाफ कड़ा एक्शन लेने का काम करें।
प्रदेश सरकार के पास 460 पाकिस्तानियों की लिस्ट
पाकिस्तानियों के हरियाणा छोड़ने की डेडलाइन आज (27 अप्रैल), रविवार को शाम 6 बजे पूरी हो जाएगी। सीएम नायब सैनी ने पाकिस्तानियों को 24 घंटे के भीतर हरियाणा छोड़ने के लिए कहा था। यह भी चेतावनी दी थी कि अगर वे खुद न गए तो पुलिस उन्हें निकालकर पाकिस्तान भेजेगी। डेडलाइन पूरी होते ही प्रदेश भर में पुलिस की रेड शुरू हो जाएगी। प्रदेश सरकार के पास 460 पाकिस्तानियों की लिस्ट है। गृह विभाग के साथ सीआईडी को भी इस पर नजर बनाने के लिए कहा गया है। पाकिस्तानियों की लिस्ट भी सीआईडी से ही तैयार कराई गई है। यह भी सामने आया कि इस लिस्ट में अधिकांश वे पाकिस्तानी नागरिक हैं, जो यहां 25 से 30 साल से रह रहे हैं।
इन पाकिस्तानियों को मिलेगी छूट
हरियाणा में सिर्फ उन पाकिस्तानियों को वतन वापसी से छूट मिलेगी, जिनके पास लांग टर्म वीजा है या जिनके पास आधिकारिक या राजनयिक वीजा है। इसके अलावा जो रअअफउ वीजा, वीजा आॅन अराइवल, बिजनेस वीजा, फिल्म वीजा, पत्रकार वीजा, ट्रांजिट वीजा, मेडिकल वीजा, कॉन्फ्रेंस वीजा, पर्वतारोहण वीजा, छात्र वीजा, विजिटर वीजा, ग्रुप टूरिस्ट वीजा, तीर्थ वीजा और पाकिस्तान के अल्पसंख्यकों को जारी किए गए ग्रुप तीर्थ वीजा लेकर हरियाणा आए हैं, उन्हें वापस भेजा जाएगा।
ये भी पढ़ें: हरियाणा में चलेंगी तेज गर्म हवाएं, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
ये भी पढ़ें: हरियाणा में 75 साल से अधिक उम्र के पेड़ों को मिलेगी ‘वृद्धावस्था पेंशन’