Delhi Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के लिए मौसम विभाग ने राहत की घोषणा जारी करते हुए आज बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही यह भी कहा है कि बारिश से दिल्ली के तापमान में कमी आएगी और लोगों को एक बार फिर से ठंड का अहसास होगा। आपको बता दें कि वर्तमान में दिल्ली का पारा सामान्य ये ऊपर जा रहा है।

पिछले कुछ दिन में पर्वतीय क्षेत्रों में एक दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय तो जरूर हुए लेकिन उनका असर मैदानी क्षेत्रों विशेषकर दिल्ली तक नहीं हो सका। अब मौसम विभाग ने यह संभावना जताई है कि राजधानी में मंगलवार को हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का पूवार्नुमान है कि आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। रात में हल्की से बहुत हल्की बारिश व बूंदाबांदी की संभावना है। रात में धुंध छाए रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 21 और 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई

मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक के साथ 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री के करीब रिकॉर्ड हुआ। वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक रहा, जोकि 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। मौसम विभाग के मुताबिक रिज में न्यूनतम तापमान अन्य केंद्र के मुताबिक सबसे कम दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, पालम में 8.6, आया नगर में 9.6 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 10.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। साथ ही, हवा में नमी का स्तर 33 फीसदी के साथ 100 फीसदी तक रहा।

मौसम ने साथ न दिया तो सताएगी गर्मी

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में उत्तर भारत के राज्यों में बारिश नहीं होती तो आने वाले दिनों में गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। ज्ञात रहे कि वर्ष 2025 के पहले महीने में ही मौसम ने यू टर्न लेते लोगों को गर्मी का अहसास दिला दिया था। 20 जनवरी के बाद तापमान लगातार सामान्य से ज्यादा दर्ज किया जाता रहा। जिसके बाद इसने पिछले कई वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस दौरान कुछ पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय जरूर हुए लेकिन बारिश नहीं हुई। यदि 10 फरवरी तक अच्छी बारिश नहीं होती है तो गर्मी फिर से लोगों को परेशान कर सकती है। तापमान में वृद्धि होगी और गर्मी के लंबे सीजन की शुरूआत हो जाएगी।

ये भी पढ़ें : Delhi Breaking News : आज फिर किले में तब्दील होगी राजधानी

ये भी पढ़ें : Delhi Political News : विकास के मामले में दिल्ली पिछड़ी : कांग्रेस