Charkhi Dadri-News : किसान कांग्रेस प्रदेश भर में निकालेगी किसान- मजदूर सम्मान एवं न्याय यात्रा

0
92
Kisan Congress will take out Kisan-Labor Samman and Nyaya Yatra across the state.
नेता प्रतिपक्ष भूपेन्द्र सिंह हुड्डा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान से विचार विमर्श करते हुए किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय पदाधिकारी व किसान नेता राजू मान।

(Charkhi Dadri-News) बाढड़ा। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में अखिल भारतीय किसान कांग्रेस प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में 10 से 15 किलोमीटर की पदयात्रा निकालेगी और इसके लिए किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय चेयरमैन सुखपाल सिंह खेहरा और वाईस चेयरमैन अखिलेश शुक्ला ने राज्य की दस लोकसभा क्षेत्र पर संयोजक नियुक्त करने के साथ सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में समन्वयक बनाये हैं। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उदयभान ने पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, कार्यकारी अध्यक्षगण,  सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों, वरिष्ठ नेताओं, पीसीसी डेलीगेट्स, अग्रणी संगठनों, पार्टी के जिला परिषद् चेयरमैनों, वाईस चेयरमैनों, सदस्यों, नगर निगम और नगर पालिका के पार्षदों से इस यात्रा में सहयोग करने व भाग लेने को कहा है।

अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक राजू मान को  भिवानी- महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र में होने वाली पदयात्रा का संयोजक बनाया गया है। वीरेंद्र हुड्डा और ओमप्रकाश खत्री इस्माइला को रोहतक, डॉ सुशील वत्स और जयदीप चहल को सोनीपत, रणधीर पन्नू और डॉ संजीवन शर्मा को करनाल,  हरपाल सुदेल को कुरूक्षेत्र, अजय गुर्जर और सुरेंद्र शर्मा को अंबाला, गुरनाम सिंह झब्बर को सिरसा, दिलबाग हुड्डा को हिसार, प्रदीप कुमार को गुरुग्राम, जगजीत शर्मा को फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पदयात्रा की जानकारी देते हुए किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक राजू मान ने बताया कि पदयात्रा के दौरान नेता प्रतिपक्ष भूपेन्द्र सिंह हुड्डा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान द्वारा जारी संकल्प पत्र बांटने के साथ पार्टी की नीतियों को अधिक से अधिक प्रचारित किया जाएगा। उनके अनुसार इस पदयात्रा में किसान आंदोलन में सक्रिय रहे किसान- मजदूर परिवारों का सम्मान किया जाएगा और उनकी मांगों को शीर्ष नेतृत्व तक भेजकर उन्हें पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र में सम्मिलित करवाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पदयात्रा की शुरुआत अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय वाईस चेयरमैन और प्रदेश प्रभारी अखिलेश शुक्ला भिवानी- महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र में 05 अगस्त को करेंगे उसके बाद रोहतक में 08 अगस्त, सोनीपत 12 अगस्त, करनाल 16 अगस्त, कुरुक्षेत्र 21 अगस्त, अंबाला 23 अगस्त, सिरसा 27 अगस्त, हिसार 29 अगस्त, गुरुग्राम 01 सितंबर और फरीदाबाद में 03 सितंबर को पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रा के उपरांत किसान मजदूरों की अहम मांगों के साथ लोकल मुद्दों पर आधारित ज्ञापन स्थानीय अधिकारियों को दिया जाएगा।