पंजाब के खिलाड़ियों को मिलेंगे एक-एक करोड़ रुपए, प्रदेश के खेल मंत्री ने की घोषणा
आज समाज  डिजिटल,चंडीगढ़
गुरुवार को टोक्यिो आलंपिक में भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ियों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए जर्मन टीम को हराकर जैसे ही कांस्य पदक जीता। तो पूरे प्रदेश में खुशी की लहर दौड़ गई। प्रदेश के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह व खेल मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी ने भारतीय हॉकी टीम के बेहतरीन प्रदर्शन पर सभी को बधाई देते हुए इसे भारतीय हॉकी टीम के स्वर्णिम काल की वापसी बताया। ज्ञात हो की भारतीय टीम ने 41 साल बाद ओलंपिक में कोई मेडल हासिल किया है। इससे पहले 1980 में अंतिम बार मोस्को ओलंपिक में टीम ने गोल्ड मेडल जीता था। खेल मंत्री ने प्रदेश के खिलाड़ियों को भारत को कांस्य पदक दिलवाने में अहम भूमिका निभाने पर खुशी जताते हुए कहा कि प्रदेश ने हमेशा ही हॉकी व अन्य खेलों में देश का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई अन्य खिलाड़ी भी बेहतर प्रदर्शन करने में कामयाब रहे जिनमें डिस्कस थ्रोअर कमलप्रीत कौर अहम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिया है कि आने वाले समय में वे और भी ज्यादा मेडल देश व प्रदेश की झोली में डालेंगे। खेल मंत्री राणा सोढी ने कहा कि सरकार पदक विजेता हॉकी टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को एक-एक करोड़ रुपए देगी।
खिलाड़ियों के घरों में जश्न का माहौल
जैसे ही भारतीय टीम ने जीत दर्ज की तो पूरे प्रदेश में खुशी की लहर दौड़ गई। वहीं खिलाड़ियों के घरों व उनके गांव व शहरों में जश्न शुरू हो गए। परिजन, सगे संबंधी व खेल प्रेमी एक दूसरे को बधाई देने में व्यस्त हो गए। इस दौरान ढौल व आतिशबाजी की आवाज खूब सुनाई दी। कप्तान मनप्रीत की मां हॉकी लहराते हुए घर से बाहर आकर जश्न मनाने लगी तो अन्य लोगों ने भी उनके जश्न में खूब साथ दिया। ड्रैग फ्लिकर रुपिंदर पाल सिंह के परिजन खुशी के अवसर पर आंखों से निकलते आंसुओं के सेलाब को न रोक सके। उन्होंने कहा कि उनके बेटे ने इस जीत के लिए कितनी मेहनत की है यह कोई नहीं जानता। वाहेगुरु का शुक्र है कि उनके बेटे की मेहनत सफल हुई। उधर फरीदकोट के रहने वाले रुपिंदर पाल सिंह के माता-पिता ने टीम की जीत के बाद भगवान का धन्यवाद किया। मैच में दो गोल करने वाले बटाला के मूल निवासी सिमरनजीत सिंह के परिजनों ने लड्डू बांटे। उधर तरनतारन के गांव तीमोवाल के खिलाड़ी हरमनप्रीत सिंह के घर जीत का जश्न मनाया गया।