Chandigarh News: भारतीय संविधान के शिल्पकार, सामाजिक न्याय के पुरोधा और समता के प्रतीक डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर आज भारतीय जनता पार्टी, चंडीगढ़ द्वारा सभी मंडलों और बूथों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रमों, विचार गोष्ठियों और समाज जागरूकता अभियानों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
हर बूथ पर बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर, उनके विचारों और संघर्षों को याद किया गया। समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरित होने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर भाजपा चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कहा:
“बाबा साहेब डॉ. अम्बेडकर केवल संविधान निर्माता नहीं थे, वे भारत के सामाजिक उत्थान और दलित समाज की आवाज़ थे। लेकिन दुर्भाग्यवश कांग्रेस जैसी पुरानी पार्टी ने उन्हें बार-बार अपमानित किया। जब बाबा साहेब का महापरिनिर्वाण हुआ, तब कांग्रेस ने उनका अंतिम संस्कार दिल्ली में नहीं होने दिया। यहां तक कि भारतीय संविधान के निर्माता के लिए एक स्मारक बनाने से भी मना कर दिया गया। इन्हीं लोगों ने बाबा साहेब को चुनाव में हारने दिया और उनके योगदान को जानबूझकर भुलाने की कोशिश की।
भारतीय जनता पार्टी ने बाबा साहेब के सपनों को साकार करने का बीड़ा उठाया है। आज पार्टी बूथ स्तर तक उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचा रही है। हम मानते हैं कि समरस और समानता पर आधारित समाज का निर्माण ही सच्ची श्रद्धांजलि है।”
इन कार्यक्रमों में बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और सामाजिक योगदान पर आधारित भाषणों, संगोष्ठियों और जनजागरण अभियानों का आयोजन हुआ। युवाओं को विशेष रूप से संविधान के मूल अधिकारों, कर्तव्यों और सामाजिक समानता के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ का यह आयोजन केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि यह संकल्प है कि बाबा साहेब के दिखाए मार्ग पर चलकर सामाजिक न्याय, शिक्षा, और राष्ट्र निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी।