Chandigarh News: शिव कुमार चंडीगढ़ नारायण सेवा संस्थान, उदयपुर के तत्वावधान में रविवार को चंडीगढ़ के कम्युनिटी सेन्टर, सेक्टर- 49 सी में निःशुल्क ऑपरेशन जांच-चयन और नारायण लिंब व केलिपर्स माप केम्प आयोजित हुआ। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि भाजपा वरिष्ठ नेता एवं हिमाचल सह प्रभारी संजय टंडन और बाल अधिकार संरक्षण आयोग की चेयरपर्सन शिप्रा बंसल, स्थानीय पार्षद राजेंद्र शर्मा व संस्थान निदेशक वंदना अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस मौके पर संस्थान के सदस्य हरबन लाल छाबड़ा, रामकृष्ण शर्मा, रामगोपाल यादव, किरण सिंघल, एस सी अग्रवाल, सुभाष गर्ग और एस पी मल्होत्रा सहित बड़ी संख्या में दिव्यांग, उनके परिजन मौजूद थे। समारोह को संबोधित करते हुए संजय टंडन ने कहा मैं संस्थान की सेवाएं जानकर भावुक हूँ।
उन्होंने कहा जो स्वयं से उपर उठकर समाज और देश की भलाई के लिए लगते है वे अमर हो जाते है। ऐसे ही आप लोगों ने दिव्यांगों की मदद के लिए जो बीडा उठाया है, इसे आने वाली पीढ़ियां याद करेगी। नारायण सेवा संस्थान के दिव्यांग सशक्तिकरण और मानवीय सहकार के कार्य समाज के लिए एक प्रेरणा है।
स्वस्थ और मजबूत समाज के लिए हमें निरंतर कार्य करना है। उन्होंने दिव्यांगों की प्रगति में नारायण सेवा संस्थान को अपनी और से 1 लाख रूपये का अनुदान देने के साथ भविष्य में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
शिविर के मुख्य आतिथ्य में उपस्थित बाल अधिकार संरक्षण आयोग की चेयरपर्सन शिप्रा बंसल ने कहा संस्थान दिव्यांग बालक बालिकाओं को शारीरिक, सामाजिक, आर्थिक एवं बौद्धिक रूप से सशक्त बनाने के लिए जो काम 40 साल से कर रही हैं यह बड़ी साधना और समर्पण है। दिव्यांगों के उत्थान और उन्नति के लिए हम भरसक साथ देंगे। आने वाले शिविरों में हम जुड़कर मानव सेवा करेंगे।
विजिट के दौरान मुख्य अतिथि संजय टंडन और शिप्रा बंसल ने शिविर में आये दिव्यांगों की आप बीती सुनी और डॉक्टर और तकनीकी टीम से लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया भी जानी।
प्रारम्भ में संस्थान निदेशक वंदना अग्रवाल ने मंचासीन अतिथियों का अभिनंदन किया। साथ ही अग्रवाल ने संस्थान की निःशुल्क सेवाएं ऑपरेशन,नारायण लिम्ब लगाना, 5000 लोगों को रोज भोजन करना,आर्थिक रूप से असमर्थ 600 मजदूरों के बच्चों के लिए निःशुल्क नारायण चिल्ड्रन एकेडमी स्कूल चलाना, सैकड़ो दिव्यांगों को स्वरोजगार के कंप्यूटर, मोबाइल, सिलाई, मेहंदी का प्रशिक्षण देना और उनका सामूहिक विवाह कर घर बसाने जैसे अनेक प्रकल्पों की जानकारी दी। शिविर के दौरान 10 दिव्यांगों को व्हील चेयर भी वितरित की गई।
निदेशक वंदना ने आज के केम्प की जानकारी देते हुए कहा 450 से अधिक रोगी आये। बच्चे,वयस्क,वृद्ध और महिलाए सभी आयु वर्ग से दिव्यांगों ने केम्प का लाभ उठाया।
शिविर प्रभारी रमेश शर्मा ने केम्प रिपोर्ट बताते हुए कहा आज शिविर में हिमाचल, हरियाणा, पंजाब, यूपी और चंडीगढ़ से दिव्यांग आए जिन्हें संस्थान डॉक्टर व पीएंडओ टीम ने देखा और 300 से ज्यादा दिव्यांगों का नारायण लिंब हाथ -पैर और केलिपर्स लगाने के लिए मेजरमेंट लिया। करीब 70 दिव्यांग रोगियों का चयन शल्य चिकित्सा हेतु चयन किया गया। इन सभी का निःशुल्क ऑपरेशन होगा।
कास्टिंग और मेजरमेंट के लिए चयनित दिव्यांगों को करीब 2 से 3 माह बाद नारायण लिम्ब पुनः चंडीगढ़ में शिविर कर पहनाए जाएंगे। संस्थान द्वारा निर्मित ये नारायण लिंब गुणवत्ता युक्त है और वजन में हल्के हैं। उपयोग में टिकाऊ रहेंगे। सभी रोगियों को संस्थान की ओर से निःशुल्क भोजन, चाय, अल्पाहार प्रदान किया गया। संस्थान की 40 सदस्य टीम ने सेवाएं दी। आभार प्रदर्शन मीडिया निदेशक भगवान प्रसाद गौड़ ने किया तथा संचालन आदित्य चौबीसा ने किया।
नारायण सेवा संस्थान 1985 से नर सेवा-नारायण सेवा की भावना से काम कर रहा है। संस्थापक कैलाश मानव को राष्ट्रपति महोदय ने मानव सेवा के लिए पद्मश्री पुरस्कार से नवाजा है। संस्थान के अध्यक्ष प्रशान्त अग्रवाल दिव्यांगों के लिए मेडिकल, शिक्षा, कौशल विकास और खेल अकादमी के माध्यम से मानसिक,शारीरिक एवं आर्थिक दृष्टि से मजबूत कर लाखों दिव्यांगों को समाज की मुख्यधारा में ला चुके है।
वर्ष 2023 में अग्रवाल को राष्टृपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। संस्थान अब तक 40 हजार से अधिक कृत्रिम अंग लगा चुका है। संस्थान चंडीगढ़ के लाखों दिव्यांगों को निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रदान कर उनकी रुकी जिन्दगी को फिर से शुरू करने के लिए प्रयास करेगा। स्थानीय दानीजनो के सहयोग से यह संभव होने की उम्मीद है।