Chandigarh News : दिल्ली के चुनाव में नायब सिंह सैनी और कैबिनेट ने दिखाया “दम खम”, केजरीवाल और आप हुए “बेदम”

0
66
Chandigarh News : दिल्ली के चुनाव में नायब सिंह सैनी और कैबिनेट ने दिखाया "दम खम", केजरीवाल और आप हुए "बेदम"
Chandigarh News : दिल्ली के चुनाव में नायब सिंह सैनी और कैबिनेट ने दिखाया "दम खम", केजरीवाल और आप हुए "बेदम"
डॉ रविंद्र मलिक
(Chandigarh News) चंडीगढ़। दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) का दिल्ली की सत्ता में लगातार चौथी बार काबिज होने का अरमान धूमिल हो गया।  हरियाणा के भाजपा नेताओं ने पार्टी का देश की राजधानी दिल्ली में करीब साढे 27 साल का सत्ता से सूखा खत्म करने और अरविंद केजरीवाल को सत्ता से दूर करने में अहम भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व सीएम और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल  और पार्टी के  हरियाणा से नेताओं व सांसदों ने उनके नेतृत्व में जिस तरह से दिल्ली में चुनावी रणनीति बनाई और प्रचार किया, उससे आम आदमी पार्टी को सत्ता से बेदखल करने में भाजपा को कोई ज्यादा परेशानी नहीं आई।
सबसे अहम पहलू यह है कि नायब सिंह सैनी ने जिस प्रकार यमुना के मुद्दे पर केजरीवाल को करारा जवाब दिया, वह दिल्ली के वोटर और हरियाणा के लोगों को को काफी हद तक यह समझने में सफल रहे कि केजरीवाल के बयान महज राजनीति फायदे और सियासत से ज्यादा कुछ नहीं हैं। उन्होंने बार-बार कहा कि जो व्यक्ति हरियाणा में पैदा होकर यहां के लोगों का नहीं हुआ वह दिल्ली का कैसे हो जाएगा। अब जो चुनावी नतीजे आए हैं उसे स्पष्ट हो गया है कि दिल्ली के चुनाव में नायब सिंह सैनी और उनकी कैबिनेट ने दिखाया “दम खम”, केजरीवाल और आप हुए “बेदम”।

हरियाणा से मनोहर लाल और नायब सैनी ने भाजपा के पक्ष में माहौल बनाया

दिल्ली विधानसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को स्टार प्रचारक की लिस्ट में प्रमुखता दी गई थी और दोनों ने पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर करीब दो सप्ताह मंथन  करते हुए प्रचार में जान झोंक दी। नायब सिंह सैनी ने केवल वहां पर न केवल कई बड़ी रैलियों को संबोधित किया बल्कि रथ यात्रा और रोड शो भी निकाले । नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा भाजपा ने जिस तरह से प्रचार की कमान दिल्ली में संभाली, उसकी गूंज दिल्ली हाई कमान और अन्य राज्यों तक सुनाई दी।  नतीजा दोनों के प्रचार और रणनीति का असर चुनावी नतीजे में स्पष्ट दिखा।

यमुना नदी के मुद्दे पर नायब सिंह सैनी ने अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को पीछे धकेला

यमुना नदी  के पानी में जहर मिलाने के अरविंद केजरीवाल के आरोप के बाद जिस तरह से नायब सिंह सैनी जिस अंदाज में दिल्ली की सड़कों पर प्रचार में उतरे हैं, वह आम आदमी पार्टी के लिए किसी दुस्वप्न से कम साबित नहीं हुआ और आम आदमी पार्टी को दिल्ली के विधानसभा चुनाव में खासा नुकसान उठाना पड़ा। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा यमुना में हरियाणा द्वारा जहर मिले जाने के बयान के बाद नायब सिंह सैनी ने पुख्ता रणनीति अख्तियार की और यहां तक कि यमुना नदी का पानी सार्वजनिक रूप से सबके सामने पीकर दिखाया जो कि मीडिया में काफी चर्चित हुआ। इसे स्पष्ट तौर पर सबके बीच एक संकेत गया कि केजरीवाल कहीं न कहीं यमुना नदी के पानी पर केवल राजनीति कर रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जिस तरह से अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को नायब सिंह सैनी ने बतौर पड़ोसी राज्य के मुख्यमंत्री अपने प्रचार और रणनीति के जरिए मात दी है, उस से पार्टी हाई कमान की नजरों में उनका कद बढ़ा है।

भाजपा से दिग्गज नेताओं ने संभाली कमान,  किया खुद को साबित

दिल्ली विधानसभा के चुनाव में हरियाणा के जिन नेताओं की ड्यूटी चुनावी प्रचार लगाई गई उनमें हरियाणा से बड़े सियासी चेहरे शामिल रहे।  तमाम जातीय समीकरणों के मद्देनजर उनकी ड्यूटी दिल्ली के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र में लगाई गई है।  हरियाणा से केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, महिपाल ढांडा, असीम गोयल, ओमप्रकाश धनखड़, कंवरपाल गुर्जर, जेपी दलाल, सुभाष सुधा, डा. कमल गुप्ता, कैप्टन अभिमन्यु, सुभाष बराला, किरण चौधरी, संजय भाटिया, डॉ. बनवारी लाल, विशंभर वाल्मीकि, संजय सिंह, मनीष ग्रोवर, ओमप्रकाश यादव, कमलेश ढांडा, डा. अभय सिंह यादव, सुनीता दुग्गल, रामचंद्र जांगड़ा, सीमा त्रिखा, ज्ञानचंद गुप्ता, रामबिलास शर्मा, डीपी वत्स, विजेंद्र दलाल, कृष्ण लाल पंवार और कृष्ण कुमार बेदी ने मोर्चा संभाला।  इनके अलावा विपुल गोयल, डा. अरविंद शर्मा और राजेश नागर ने भी प्रचार संभाला।

जाट बाहुल्य सीट पर हरियाणा के भाजपा नेताओं ने दिखाया दमखम,  ओबीसी को लुभाने में नायब सिंह सैनी सफल रहे

चुनाव में आरक्षित वर्ग,  ओबीसी और जाट समुदाय को लुभाने के लिए हरियाणा के भाजपा नेताओं को चुनाव प्रचार में एक विशेष रणनीति के तहत उतारा गया था। दिल्ली में जाट वोटर्स भी अहम भूमिका निभाते हैं, जिनकी संख्या 20 प्रतिशत से अधिक है और बाहरी दिल्ली में जाट वोटर्स का प्रभाव बहुत अधिक है। दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे से स्पष्ट है कि जिन करीब दर्जन पर सीटों पर जाट वोटर सबसे ज्यादा हैं और हार जीत तय करते हैं, वहां पर भाजपा जीत दर्ज करने में सफल रही। जाट वर्ग को लुभाने के लिए भाजपा ने जहां महिपाल ढांडा,  श्रुति चौधरी  और किरण चौधरी को कमान दी है तो वहीं कांग्रेस ने रणदीप सुरजेवाला और दीपेंद्र हुड्डा को प्रचार में उतारा है लेकिन प्रभावित करने में नाकाम रहे। एससी समुदाय को लुभाने के लिए भाजपा ने हरियाणा से कैबिनेट मिनिस्टर कृष्ण बेदी और कृष्ण लाल पवार को चुनावी रण में उतारा था।   इसके अलावा, यह भी उल्लेखनीय है कि वह ओबीसी वर्ग की वोटर को खेमे में लाने की जिम्मेदारी भाजपा में खुद  मुख्यमंत्री नायब सिंह सिंह सैनी के जिम्मे थी। भाजपा, जाट, आरक्षित और ओबीसी समुदाय के वोटर को भी अपनी तरफ खींचने में सफल रही।

सोशल मीडिया अकाउंट पर सीएम नायब सिंह सैनी ने लिखा

केजरीवाल ने हरियाणा की मिट्टी को अपमानित करने का काम किया,वो जब हरियाणा के नहीं हुए तो दिल्ली के कैसे होते। आज के ऐतिहासिक दिन दिल्ली की महान जनता का अभिनंदन जिसने भाजपा को स्पष्ट जनादेश दिया तथा दिल्ली में कमल खिला कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व,सामाजिक कल्याण की गारंटियों पर पक्की मुहर लगा दी।भाजपा दिल्ली को उसका गौरव और सम्मान वापस दिलाएगी।सभी कर्मठ और जुझारू कार्यकर्ताओं ने जिस निष्ठा और समर्पण भाव से इस विजय के लिए काम किया है,उसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल बोले आप-दा को नहीं सहेंगे, बदल कर रहेंगे 

दिल्ली की सम्मानित जनता जनार्दन ने अपने जनादेश से प्रदेश से वादाखिलाफी करने वालों को ऐसा सबक सिखाया है, जो देशभर में जनता के साथ झूठे वादे करने वालों के लिए नजीर बनेगी। इस प्रचंड जनादेश के लिए दिल्ली की जनता का दिल से आभार। दिल्ली में मिली इस शानदार जीत के लिए कर्मठ और निष्ठावान भाजपा दिल्ली के सभी कार्यकर्ता, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, और प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा जी को हार्दिक बधाई देता हूँ। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा अपने सभी वादे को पूरे कर दिल्ली के स्वर्णिम अध्याय की एक नई शुरुआत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आप-दा को नहीं सहेंगे, बदल कर रहेंगे ।