Chandigarh News: चंडीगढ़ आज समाज चंडीगढ़ पंजाब भाजपा के पूर्व प्रधान और पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया के जालंधर स्थित आवास पर ग्रेनेड हमले ने पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। यह घटना प्रदेश में ध्वस्त हो चुकी कानून-व्यवस्था का सटीक उदाहरण है और इस घटना से आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस करने लगी है। यह बात पंजाब भाजपा उपाध्यक्ष फतेह जंग सिंह बाजवा ने यहां जारी एक बयान में कही।
बाजवा ने कहा कि वरिष्ठ भाजपा नेता के घर पर हुआ हमला सूबे की शांति को बिगाडऩे की साजिश है। इतनी बड़ी घटना के बावजूद मुख्यमंत्री भगवंत मान, जिनके पास गृह विभाग का जिम्मा भी है, ने अब तक इस हमले की निंदा नहीं की। मुख्यमंत्री से राज्य की बिगड़ रही कानून-व्यवस्था की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफा देने की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि इस सीमावर्ती राज्य में ऐसे असक्षम नेतृत्व के कारण आम आदमी का सरकार से भरोसा उठ गया है।
बाजवा ने कहा कि इससे पहले पंजाब के कई पुलिस थानों और चौकियों पर भी ग्रेनेड हमले हो चुके हैं जिन्हें पुलिस नकारती रही है। हालांकि बाद में पुलिस ने जब इन हमलों के आरोपियों को पकड़ा तब उसके इन बयानों की पोल भी खुल गई। उन्होंने कहा कि इन हमलों ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की आप सरकार की क्षमता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष ने कहा कि आम आदमी पार्टी के पंजाब की सत्ता में आने के बाद से ऐसे हमले लगातार हो रहे हैं और इतने हमलों के बाद भी मुख्यमंत्री कानून-व्यवस्था के मसले पर मौन हैं।