• जत्थेदार टोहड़ा ने हमेशा पंजाब की स्थिरता और विकास के लिए काम किया : तरुण चुग

(Chandigarh News) चंडीगढ आज समाज। चंडीगढ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने जत्थेदार गुरचरण सिंह टोहड़ा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें सिख पंथ और पंजाब की राजनीति का महानायक बताया। उन्होंने कहा कि जत्थेदार टोहड़ा ने अपना संपूर्ण जीवन सिख धर्म, समाज और राजनीति की सेवा में समर्पित कर दिया था।

जत्थेदार गुरचरण सिंह टोहड़ा एक साधारण परिवार से उठकर सिख राजनीति के शिखर तक पहुंचे

तरुण चुग ने कहा, “जत्थेदार गुरचरण सिंह टोहड़ा एक साधारण परिवार से उठकर सिख राजनीति के शिखर तक पहुंचे। उन्होंने करीब 40 वर्षों तक शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की सेवा की और 27 वर्षों तक इसके अध्यक्ष पद को सुशोभित किया। उनका योगदान सिख समुदाय और पंजाब की स्थिरता के लिए अविस्मरणीय रहेगा।”तरुण चुग ने जत्थेदार टोहड़ा के राजनीतिक योगदान को याद करते हुए कहा कि अकाली दल और भाजपा के बीच मजबूत गठबंधन की नींव रखने में उनकी अहम भूमिका रही। उन्होंने हमेशा सिखों और हिंदू समुदाय के बीच सद्भाव और एकता बनाए रखने के लिए कार्य किया।उन्होंने कहा, “टोहड़ा साहब ने हमेशा पंजाब की स्थिरता और विकास के लिए काम किया। उनकी दूरदृष्टि और नेतृत्व ने पंजाब में शांति और राजनीतिक संतुलन बनाए रखा।”

सिख पंथ के प्रति उनकी निष्ठा अमूल्य तरुण चुग ने कहा कि जत्थेदार गुरचरण सिंह टोहड़ा को “पंथ रत्न” की उपाधि से सम्मानित किया गया था, जो उनके योगदान का प्रमाण है। उन्होंने हमेशा सिख सिद्धांतों और मूल्यों को प्राथमिकता दी और अपने संघर्षों के बावजूद कभी भी व्यक्तिगत लाभ के लिए राजनीति नहीं की।

“टोहड़ा साहब की विरासत सदा अमर रहेगी” श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए तरुण चुग ने कहा, “टोहड़ा साहब का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। सिख पंथ और पंजाब के लिए उनका योगदान अविस्मरणीय है। भाजपा और पूरा देश उनके योगदान को नमन करता है।”अंत में, तरुण चुग ने सभी से अपील की कि वे जत्थेदार गुरचरण सिंह टोहड़ा के दिखाए गए मार्ग पर चलें और पंजाब की एकता व विकास के लिए कार्य करें।

Chandigarh News : विधायक रंधावा लुधियाना में आयोजित कार्यकारिणी बैठक में पार्टी अध्यक्षों के साथ शामिल हुए