Chandigarh News: तीन क़ानून के लिए बने सेंटर का उद्घाटन करने चार अगस्त को चंडीगढ़ आएंगे अमित शाह

0
100

चंडीगढ़ (आज समाज): चंडीगढ़ में अगले महीने 4 अगस्त को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आ रहे हैं। वह केंद्र सरकार की तरफ से पास किए गए तीन कानूनों के लागू होने के बाद पहली बार यहां पहुंचेंगे। वह इन कानून के लिए चंडीगढ़ पुलिस की तरफ से बनाए गए केंद्र का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा उनके कई अन्य कार्यक्रम भी प्रशासन तय कर रहा है। इसके लिए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी हैं। प्रशासन की तरफ से उनके कार्यक्रम के लिए जगह निर्धारित की जा रही है। वहीं से वह कई प्रोजेक्टों का उद्घाटन करेंगे।

1 जुलाई से लागू हुए हैं कानून
चंडीगढ़ सहित पूरे देश में 1 जुलाई से केंद्र सरकार द्वारा पास किए गए तीनों कानून लागू किए गए हैं। इसमें भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023, भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 को केंद्र सरकार की तरफ से पास किया गया था। अब आपराधिक मामलों में इन्हीं कानूनों के तहत मुकदमे दर्ज हो रहे हैं। चंडीगढ़ पुलिस ने 24 घंटे इन कानून के तहत दर्ज होने वाले मुकदमों पर निगरानी रखने के लिए एक केंद्र बनाया है। केंद्रीय गृहमंत्री इसका उद्घाटन करेंगे।

4 महीने पहले हुआ था एप लाँच

भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य संहिता को लागू करने के लिए चंडीगढ़ पुलिस एक एप लाँच किया था। इस एप में तीन नए कानूनों से जुड़ी सारी जानकारी उपलब्ध है। इसको कोई भी व्यक्ति प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकता है। चंडीगढ़ पुलिस का प्रयास है कि लोगों को पूरी जानकारी मिल सके। इस एप में लोग नए और पुराने दोनों कानूनों के प्रावधान और उनके बीच के अंतर को जान सकते हैं।

550 फ्रंट लाइन अधिकारियों को प्रशिक्षण 
तीन नए कानूनों के लागू होने के बाद कई बदलाव होंगे। किसी भी वारदात के पीड़ित और महिलाओं के अधिकारों में भी बदलाव किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 22 दिसंबर 2023 को चंडीगढ़ का दौरा किया था। उन्होंने चंडीगढ़ पुलिस के आला अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि नए कानूनों को जल्द से जल्द लागू करने की तैयारी की जाए। इसको लेकर चंडीगढ़ पुलिस ने 550 फ्रंट लाइन अधिकारियों को तीन नए कानूनों का प्रशिक्षण भी दे दिया है।