Chandigarh News: चंडीगढ़ के मंदिरों व शिवालयों में बुधवार को महाशिवरात्रि की धूम रही। शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक करने के लिए लम्बी-लम्बी कतारों में देखे गए। शहर के कई मंदिरों में लोग सुबह से ही शिवालयों के बाहर नजर आए। मंदिरों में हर हर महादेव के उद्घोष सुनाई दिए।
तड़के सुबह से ही सेक्टर 28 स्थित प्राचीन श्री खेड़ा शिव मंदिर में शिवलिंग पर जलाभिषेक करने के लिये श्रद्धालु शिव भक्तों की लम्बी कतार देखी गई। श्रद्धालुओं ने मंदिर में पहुंचकर शिवलिंग पर जलाभिषेक करके पूजा-अर्चना की।
देवाधिदेव महादेव की उपासना के पावन पर्व महाशिवरात्रि पर शिव मंदिरों में बच्चे, नौजवाव सहित हर उम्र के लोग जलाभिषेक के लिए लंबी लाइन में लगे रहे, साथ ही साथ कई जगहों पर भंडारे का भी आयोजन किया गया।
मंदिर के पुजारी पंडित सुभाष शर्मा ने जानकारी दी कि बुधवार को महाशिवरात्रि के पावन पर्व 26 फ़रवरी को तड़के साढ़े 4 बजे सर्वप्रथम शालिग्राम पूजा की गई। तत्पश्चात मंदिर कमेटी के अध्यक्ष देसराज बंसल सुबह 5 बजे रूद्र अभिषेक किया। इस अवसर पर 1100 बेल पत्रों को शिवलिंग पर अर्पित किए गए और इसके बाद दूध व फलों का भोग लगाया गया व सारा दिन दूध व फलों का अटूट भंडारा शिव भक्तों में बांटा गया। वहीं 27 फ़रवरी को सुबह 5 बजे तक चार पहर की पूजा की जाएगी।