Haryana Weather News: हरियाणा में 22 जुलाई से 24 तक बारिश के आसार

0
284
हरियाणा में 22 जुलाई से 24 तक बारिश के आसार
हरियाणा में 22 जुलाई से 24 तक बारिश के आसार

18 जिलों में सामान्य से कम रही मानसून की गतिविधि
Haryana News Chandigarh (आज समाज) चंडीगढ़: पिछले कुछ दिन से सुस्त मानसून में सोमवार से सक्रियता आने की संभावना है। 22 से 24 जुलाई के दौरान मौसम में बदलाव और मानसून में सक्रियता दिखाई देगी। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि हरियाणा में मानसून कमजोर और सुस्त पड़ा हुआ है। राज्य में मानसून बारिश के आंकड़ों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। एक जुलाई से 20 जुलाई के दौरान हरियाणा राज्य के केवल चार जिलों मेंं सामान्य से अधिक बारिश हुई है। इनमेंं महेंद्रगढ़ में सामान्य से 27 प्रतिशत, सिरसा में 14 प्रतिशत, फतेहाबाद में 25 प्रतिशत और नूंह मेवात मेंं 34 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज हुई है। शेष हरियाणा के 18 जिलों में सामान्य से कम मानसून गतिविधियों को दर्ज किया गया है। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ 21 जुलाई रात को सक्रिय होगा। जिसके चलते 22-24 जुलाई के दौरान मौसम में बदलाव और मानसून में सक्रियता की संभावना बन रही है। इस दौरान हरियाणा में अधिकतर स्थानों पर तेज गति से हवाएं चलने और गरज -चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बूंदाबांदी की संभावना बन रही है। भारतीय मौसम विभाग ने संपूर्ण इलाके पर येलो अलर्ट जारी कर दिया हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर में हल्की बारिश हुई है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान 25 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। अधिकतम तापमान 35 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है।