- कंटेनर हाउस में ठहरे थे 55 मजदूर
- बर्फ का पहाड़ कंटेनर हाउस पर गिरा
- 50 मजदूरों को बचा लिया गया था
Uttarakhand Avalanche, (आज समाज), देहरादून: उत्तराखंड के चमोली जिले में हुए हिमस्खलन की चपेट में आए 55 में से 50 मजदूरों को बचा लिया गया था जिनमें से 4 की मौत हो गई है। पांच अब भी लापता बताए गए हैं। सूत्रों के अनुसार हादसा मोली-बद्रीनाथ हाईवे पर माणा गांव के पास शुक्रवार सुबह लगभग सात बजे हुआ। सीमा सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के 55 मजदूर कंटेनर हाउस में ठहरे थे, तभी बर्फ का पहाड़ कंटेनर हाउस पर गिर गया।
शुक्रवार शाम तक निकाले 33 मजदूर
अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार शाम 33 मजदूर निकाल लिए गए थे। इनमें से गंभीर रूप से घायल 4 मजदूरों की मौत हो गई। आज 17 मजदूरों को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद से बचाव के काम में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, आईटीबीपी व बीआरओ के 200 से ज्यादा जवान लगे हुए हैं। आर्मी के चार हेलिकॉप्टर बचाव में काम में जुटे हैं।
सबसे ज्यादा मजदूर यूपी और बिहार के
बता दें कि माणा तिब्बत सीमा पर भारत का अंतिम गांव है। बताया गया है कि हिमस्खलन की चपेट में आने वाले सबसे ज्यादा मजदूर उत्तर प्रदेश और बिहार के हैं। इनमें से जम्मू-कश्मीर और पंजाब का 1-1 मजदूर है। वहीं उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और बिहार के 11-11 और हिमाचल प्रदेश के सात मजदूर हैं। अन्य मजदूरों का मोबाइल नंबर व पता उपलब्ध नहीं है।
पीएम मोदी व अमित शाह ने सीएम धामी से की बात
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री ने आज सुबह हादसे का शिकार हुए मजदूरों से मुलाकात की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी आज सुबह सीएम से बात की और बचाव अभियान का जायजा लिया। हादसे के बाद से सीएम धामी बचाव कार्यों की लगातार निगरानी कर रहे थे।
उत्तर भारत के पहाड़ों में हुई है भारी बर्फबारी, अभी नहीं राहत
गौरतलब है कि उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में इस सप्ताह दो से तीन दिन तक भारी बारिश और बर्फबारी जारी रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह के बाद भी पहाड़ों में बारिश व हिमपात जारी रहने की संभावना है। हिमाचल के कुछ इलाकों में 2 फीट से ज्यादा हिमपात हुआ है। प्रदेश की 580 से ज्यादा सड़कें बंद हैं। पांच नेशनल हाईवे भी यातायात के लिए अवरुद्ध हैं। खराब मौसम के चलते जम्मू-कश्मीर सरकार ने स्कूलों में सर्दियों की छुट्टियां 6 दिन के लिए बढ़ा दी हैं।
ये भी पढ़ें : Chamoli Avalanche: 55 में से 47 सड़क निर्माण मजदूर/कर्मचारी सुरक्षित निकाले