Punjab News Update : धान उठान में हस्तक्षेप करे केंद्र सरकार : सीएम

0
12
Punjab News Update : धान उठान में हस्तक्षेप करे केंद्र सरकार : सीएम
Punjab News Update : धान उठान में हस्तक्षेप करे केंद्र सरकार : सीएम

कहा, प्रदेश में भंडारण की समस्या होने के कारण राइस मिलर्स धान खरीदने से कतरा रहे

गृह मंत्री से राज्य में खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए हस्तक्षेप की मांग

Punjab News Update (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने केंद्र से एक बार फिर मांग की है कि धान उठान की समस्या के स्थाई समाधान के लिए केंद्र सरकार हस्तक्षेप करे। मान ने कहा कि वह पहले भी यह मांग केंद्रीय मंत्री के सामने उठा चुके हैं। मान ने कहा कि प्रदेश में धान की बंपर पैदावार हुई है और यहां पर भंडारण की समस्या होने के चलते राइस मिलर्स धान को मंडियों से उठाने में कतरा रहे हैं इसी के चलते धान खरीद में समस्या हो रही है। पंजाब सीएम ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से राज्य में धान की निर्बाध खरीद सुनिश्चित करने के लिए हस्तक्षेप करने की मांग की।

मान ने फोन पर केंद्रीय गृह मंत्री से बात की

केंद्रीय गृह मंत्री के साथ फोन पर बातचीत के दौरान, भगवंत सिंह मान ने उन्हें खरीद प्रक्रिया में आ रही समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने गृह मंत्री को बताया कि परिवहन लागत, भंडारण की कमी, हाइब्रिड किस्म की गुणवत्ता और शेलर मालिकों के घाटे जैसी समस्याओं का खरीद प्रक्रिया पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने भारत सरकार से देश के व्यापक हित में इन समस्याओं का तत्काल समाधान निकालने की अपील की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान, आढ़तियों और मिल मालिक देश की खाद्य सुरक्षा की रीढ़ की हड्डी हैं। उन्होंने कहा कि हमारे किसान अनाज उगाते हैं जबकि आढ़तिया और मिल मालिक यह सुनिश्चित करते हैं कि उनकी खरीद, भंडारण और उठान सही तरीके से की जाए। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस साल राज्य में 185 लाख मीट्रिक टन धान आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अनाज की निर्बाध खरीद के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

इसलिए धान के उठान की समस्या आ रही

मुख्यमंत्री ने कहा कि मिलरों के कुछ मुद्दे जैसे धान का भंडारण, ड्रेनेज और परिवहन केंद्र सरकार से संबंधित हैं, जिसके कारण उठान प्रक्रिया धीमी है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि उन्होंने पहले ही इन मुद्दों को केंद्र सरकार के समक्ष उठाया है। उन्होंने कहा कि आज बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री के साथ नई दिल्ली में मिल मालिकों की बैठक होनी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को मिल मालिकों की जायज मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करना चाहिए ताकि खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से अंजाम दिया जा सके।

ये भी पढ़ें : Punjab News : सरकार का फोकस स्वास्थ्य और शिक्षा पर : डॉ. रवजोत सिंह

ये भी पढ़ें : Punjab CM News : पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए बड़े कदम उठा रहे : सीएम