Punjab CM News : केंद्र सरकार बिना सोचे-समझे नीतियां लागू करती है : मान

0
79
केंद्र सरकार बिना सोचे-समझे नीतियां लागू करती है : मान
केंद्र सरकार बिना सोचे-समझे नीतियां लागू करती है : मान

Punjab CM News (आज समाज)चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि केंद्र सरकार बिना सोचे-समझे और लोगों की सलाह के बिना अपनी नीतियां लागू करती है जबकि इसके विपरीत राज्य सरकार लोगों की सलाह के साथ ही नीतियां बनाती है। उन्होंने कहा कि राज्य की कृषि नीति का खाका सभी संबंधितों के साथ सलाह-मशविरा के बाद तैयार किया जा रहा है क्योंकि औद्योगिक नीति भी उद्योगपतियों से सलाह-मशविराह के बाद लागू की गई थी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार कैबिनेट रैंक के चेयरमैन के साथ औद्योगिक सलाहकार आयोग गठित करने पर विचार कर रही है जिसमें बड़े उद्योगपति भी शामिल किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने ‘फायर एंड इमरजेंसी सर्विस बिल’ पेश किया जिसे विधानसभा द्वारा सर्वसम्मति से पास किया गया। उन्होंने कहा कि यह एक ऐतिहासिक पहल है जो राज्य में महिला सशक्तिकरण को और अधिक सुनिश्चित करने के लिए मार्ग प्रशस्त करेगी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह बिल समय की आवश्यकता है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि महिलाएं देश के सामाजिक आर्थिक विकास में सक्रिय भागीदार बन सकें।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि फायर ब्रिगेड स्टाफ में महिलाओं की भर्ती के लिए शारीरिक मानकों को बदलने के लिए नियमों में आवश्यक संशोधन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में से किसी ने भी इन नियमों को बदलने की जहमत नहीं उठाई क्योंकि उन्हें लोगों की समस्याओं की कोई परवाह नहीं थी। भगवंत सिंह मान ने घोषणा की कि फायर ब्रिगेड स्टाफ में लड़कियों की भर्ती करने वाला पंजाब देश का पहला राज्य होगा।