Punjab CM News : मूक दर्शक बनी केंद्र सरकार : मान

0
34
मूक दर्शक बनी केंद्र सरकार : मान
मूक दर्शक बनी केंद्र सरकार : मान

Punjab CM News (आज समाज)चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भारत सरकार पर खिलाड़ियों के प्रति उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए उसकी निंदा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक तरफ केंद्र सरकार ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए संघर्ष कर रही है, वहीं दूसरी तरफ हमारे देश के खिलाड़ियों के हितों की रक्षा नहीं की जा रही है।

उन्होंने कहा कि ओलंपिक खेलों के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने अनुकरणीय खेल कौशल दिखाया लेकिन केंद्र सरकार की गलतियों के कारण वे पदक जीतने से चूक गये। भगवंत सिंह मान ने कहा कि अगर किसी खिलाड़ी को अपने 200 ग्राम वजन के कारण खेल प्रतियोगिता से दूर रहना पड़ता है तो कोच, फिजियोथेरेपी और अन्य संसाधनों पर किए जा रहे भारी खर्च का क्या मतलब है।

मुख्यमंत्री चरखी दादरी स्थित भारतीय पहलवान विनेश फोगाट के गांव पहुंचे और उनके परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि पेरिस में चल रहे ओलंपिक खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है, लेकिन केंद्र सरकार इस गंभीर मुद्दे पर चुप है। उन्होंने कहा कि फोगाट ओलंपिक के फाइनल से बाहर हो गईं। इसी प्रकार हॉकी खिलाड़ियों को बिना किसी गलती के लाल कार्ड दिखाना अनुचित है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह बहुत आश्चर्य की बात है कि भारत सरकार और भारतीय ओलंपिक संघ मूकदर्शक बने हुए हैं।