पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने लिया मामले पर संज्ञान
Bhiwani News (आज समाज) भिवानी: हरियाणा के भिवानी में कुत्ते को मारने पर 3 लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। आरोप है कि उक्त युवकों ने एक कुत्ते को डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नहीं युवकों ने कुत्ते को मारने के बाद उसे गली में घसीटा। मामला भिवानी के न्यू भारत नगर का है। इस मामले में पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के संज्ञान लेने के बाद एक नामजद सहित 3 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। महिला अनिता गुप्ता ने औद्योगिक क्षेत्र पुलिस थाना में शिकायत दी है। जिसमें उन्होंने बताया कि उनका एक भूरे रंग का देसी पालतू कुत्ता था।
पहले भी कर चुके थे कुत्ते को मारने का प्रयास
12 फरवरी को करीब 9-10 बजे तीन-चार लोग मोटरसाइकिल पर आए। वह आते ही कुत्ते को डंडों से पीटने लगे। उसने कुत्ता को चिल्ला-चिल्लाकर ना मारने के लिए कहा, लेकिन वे नहीं माने और मारते रहे। उन्होंने कुत्ते को मार दिया। मारने के बाद गले की चैन खोलकर पट्टे से पकड़कर कुत्ते को घसीटते हुए ले गए। मारने वालों में एक आलोक है, जो उनकी गली में अखबार डालता है। महिला ने बताया कि आरोपी पहले भी 2-3 बार कुत्ते को मारने के लिए आया था, लेकिन नहीं मार पाया।
कुत्ते को लगवा रखा था एंटी रेबीज का इंजेक्शन
अनिता गुप्ता ने कहा कि कुछ दिन पहले आरोपी ने एक युवक को अखबार डालने के लिए भेजा था। वह बिस्किट लिए हुए था। उस युवक ने कुत्ते के सामने बिस्किट डाले। इस पर कुत्ता बिस्किट खाने लगा। युवक ने अपने हाथ में लिए हुए बिस्किट को ऊपर कर लिया, जिसे कुत्ते ने खाने का प्रयास किया।
शायद इस दौरान कुत्ते का पंजा युवक को लग गया। हालांकि कुत्ते ने उस युवक को काटा नहीं था। इसी बात की रंजिश आलोक ने रखी। अनिता गुप्ता ने कहा कि यह कुत्ता पहले गली में ही घूमता था। जिसको उसने करीब 4-5 महीने से पालना शुरू किया था। पीड़िता ने बताया कि उन्होंने अपने कुत्ते को एंटी रेबीज का इंजेक्शन भी लगवा रखा था।
मुझे भी दी धमकी
12 फरवरी को भी आरोपी ने कहा कि उसे कुछ बात करनी है। इसलिए कुत्ते को बांधने के लिए कहा। कुत्ता बांधने के बाद उसको लाठी-डंडों से पीटकर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने कहा कि अगर वह कुत्ते के साथ ऐसा कर सकता है तो उसके साथ कुछ भी कर सकता है। उन्हें भी आरोपी से डर है।
गोरक्षा दल के जिला प्रधान संजय परमार ने भी दी पुलिस को शिकायत
गोरक्षा दल के जिला प्रधान संजय परमार ने कहा कि वीडियो सामने आने के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने भी इस मामले में संज्ञान लिया। जिन्होंने इस मामले में कार्रवाई के लिए कहा था। क्योंकि आरोपी के डर से पीड़ित पक्ष ने तो शिकायत वापस ले ली थी। संजय परमार ने कहा कि उन्होंने इसमें आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के लिए 13 फरवरी को औद्यौगिक क्षेत्र पुलिस थाने में पहुंचकर शिकायत दी।
वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने भी इस मामले में पुलिस अधिकारियों से बातचीत करके तुरंत केस दर्ज करने के लिए कहा। औद्योगिक क्षेत्र पुलिस थाना के कार्यकारी प्रभारी एसआई वेद ने बताया कि शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर आरोपी आलोक सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
ये भी पढ़ें : हरियाणा में आज रात से बदलेगा मौसम, 2 दिन हल्की बारिश की संभावना