Himachal News : चंबा में भूस्खलन की चपेट में आई कार, दो की मौत

0
120
चंबा में भूस्खलन की चपेट में आई कार, दो की मौत
चंबा में भूस्खलन की चपेट में आई कार, दो की मौत

Himachal News (आज समाज), चंबा। मानसून सीजन में भारी बारिश के चलते प्रदेश में भूस्खलन की घटनाओं में काफी वृद्धि हो गई है। पहाड़ियां दरकनें से जहां दर्जनों सड़क बाधित हैं वहीं गत दिवस चंबा में भूस्खलन की चपेट में एक कार आने से दर्दनाक हादसा हुआ। इस हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चंबा के तीसा बैरागढ़ मार्ग पर दर्दनाक हादसा हुआ।

उपमंडल मुख्यालय भंजराडू के साथ लगते पतोगण गांव के समीप सड़क से होकर जा रही आॅल्टो कार अचानक पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि चार घायल हुए हैं। मृतकों में क्यूम खान पुत्र शेर खान व मान देई पत्नी चैन लाल दोनों तीसा के थनेईकोठी गांव के रहने वाले थे। कार में एक ही गांव के छह लोग सवार थे। घायलों में दो का इलाज सिविल अस्पताल तीसा में चल रहा है जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों को तीसा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर कर दिया है। पुलिस ने घटना को लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जिला प्रशासन पहले ही कर चुका अपील

मानसून सीजन को देखते हुए जिला प्रशासन लोगों से पहले ही सुरक्षित यात्रा करने की अपील कर चुका है। जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों को खराब मौसम में कम से कम संख्या में घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है। वहीं ऐसे मार्गों पर जाने से बचने को कहा गया है जहां पर भूस्खलन की संभावना हो।