Sirsa News: सिरसा में ओवरफ्लो होने से टूटी नहर, सैकड़ों एकड़ धान व कपास की फसल पानी में डूबी

0
4
सिरसा में ओवरफ्लो होने से टूटी नहर, सैकड़ों एकड़ धान व कपास की फसल पानी में डूबी
Sirsa News: सिरसा में ओवरफ्लो होने से टूटी नहर, सैकड़ों एकड़ धान व कपास की फसल पानी में डूबी

पक कर तैयार खड़ी थी फसल, किसानों को लाखों रुपए का नुकसान
Sirsa News (आज समाज) सिरसा: पिछले करीब तीन चार दिन से ओवरफ्लो होकर बह रही सिरसा खंड के गांव से निकलकर राजस्थान जाने वाली नहर रविवार देर रात टूट गई। नगर के टूटने से खेतों में खड़ी सैकड़ों एकड़ धान व कपास की फसल पानी में डूब गई। फसल के पानी में डूबने से किसानों को लाखों रुपए कर नुकसान हुआ है। किसानों ने फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजे की मांग की है। उनका कहना कि सिंचाई विभाग की लापरवाही के चलते नहर टूटी है। सिंचाई विभाग की अनदेखी का नुकसान किसानों को उठाना पड़ा है। समाचार लिखे जाने तक नहर में आई दरार को भरने काम जारी था। प्राप्त जानकारी अनुसार हरियाणा के सिरसा जिले के नाथुसरी चोपटा खंड के गांव ढूकड़ा के पास राजस्थान को जाने वाली नोहर फीडर नहर बहती है।

पिछले करीब 3-4 दिन से नहर में पानी क्षमता से अधिक छोड़ा जा रहा था। जिसकी शिकायत किसानों ने सिंचाई विभाग को की थी। लेकिन नहर में पानी को कम नहीं किया गया। रविकार रात को नहर ओवरफ्लो होने से ढूकड़ा गांव के पास टूट गई। जिससे पक कर तैयार फसल पानी में डूब गई और किसानों की पूरे साल की मेहनत बेकार हो गई। नहर में करीब 70 फीट चौड़ी दरार आ गई। किसान बंसीलाल, महावीर, प्रहलाद सोनी, विनोद सोनी, भागमल सयोदा, राजेश कलवासिया, मदन ढाढेला, सुभाष सिहाग, सुनील सोनी ने बताया कि उनके खेत नहर के पास ही हैं, जिससे सबसे ज्यादा नुकसान उन्हें हुआ है।

मुआवजे की मांग की

किसानों ने बताया कि करीब 250 एकड़ में धान और नरमें की फसल पूरी तरह से जलमग्न हो गई है और अब पक कर तैयार खड़ी फसल की चुगाई व काटने का काम शुरू किया हुआ था। लेकिन फसल पानी में डूबने के कारण पूरे साल की मेहनत बेकार हो गई। किसानों ने कहा कि सिंचाई विभाग की लापरवाही के चलते उन्हें लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। उनकी तैयार फसल पानी की भेंट चढ़ गई। उन्होंने कहा कि किसानों को हुए नुकसान की भरपाई सिंचाई विभाग को करनी चाहिए।