महिलाओं को हर माह 2500 रुपए देने के लिए 51 सौ करोड़ रुपए का बजट मंजूर
Delhi Breaking News (आज समाज), नई दिल्ली। विधानसभा चुनाव में दिल्ली की जनता विशेषकर महिलाओं से किया गया बड़ा वादा पूरा करने की ओर दिल्ली की भाजपा सरकार ने मजबूती से कदम बढ़ा दिए हैं। शनिवार को महिला दिवस के अवसर पर हुई दिल्ली कैबिनेट की बैठक में महिला समृद्धि योजना के तहत एक बड़ा फैसला लेते हुए दिल्ली सरकार ने 5100 करोड़ रुपए के आवंटन को मंजूरी दे दी है। जिससे अब दिल्ली की महिलाआें को 2500 रुपए मिलने का रास्ता साफ हो गया है। इसका एलान भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया।
नारी सशक्तिकरण पर सरकार का फोकस
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि मैं कहता हूं कि जिस घर में नारी का सम्मान नहीं है, वो घर आगे बढ़ नहीं सकता। जिस देश में नारी का सम्मान नहीं है, वो देश आगे नहीं बढ़ सकता। नरेंद्र मोदी ने इस बात को समझा और महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने का काम किया। जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में संबोधन के दौरान केंद्रीय मंत्री और भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आज हमारी सरकार का फोकस नारी सशक्तिकरण पर है। प्रधानमंत्री मोदी नारी सशक्तिकरण के ध्येय साथ देश को आगे बढ़ा रहे हैं। नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब नारीशक्ति का विकास होता है, तो दुनिया का विकास होता है। इसलिए नारीशक्ति को भारतीय जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा मूलरुप में मानकर आगे चला है।
महिला वोटरों के सहयोग से बनी दिल्ली में सरकार
नड्डा ने कहा कि दिल्ली में यदि महिला का साथ न मिलता तो दिल्ली में जीत संभव नहीं हो सकता है। महिला दिवस पर महिला सशक्ति को नमन करता हूं और दिल्ली की महिलाओं को नमन करते हुए धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने दिल्ली में भाजपा की सरकार बनाने में बहुत बड़ा योगदान किया है। ये जीत महिलाओं के आशीर्वाद और सहयोग से ही संभव हो पाया है। जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में भाजपा के दिल्ली महिला मोर्चा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि केवल भाजपा में ही महिलाओं का सम्मान होता है।