Budget 2024 For Women : महिलाओं को बजट में मिला 3 लाख करोड़ का बड़ा तोहफा

0
167
Budget 2024 For Women : महिलाओं को बजट में मिला 3 लाख करोड़ का बड़ा तोहफा
Budget 2024 For Women : महिलाओं को बजट में मिला 3 लाख करोड़ का बड़ा तोहफा

Budget 2024 For Women | वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज संसद में बजट 2024 को पेश किया। बजट की पेशकश करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि यह बजट किसानों, युवाओं, गरीबों और महिलाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। वित्त मंत्री ने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं को लाभ प्रदान करने वाली योजनाओं के लिए बजट 2024 में 3 लाख करोड़ रुपये आवंटित किये गए हैं। वित मंत्री द्वारा लगातार सातवीं बार संसद में बजट पेश किया गया है और यह भी अपने आप में ऐतिहासिक है। आइये जानते हैं बजट 2024 में महिलाओं के लिए वित्त मंत्री ने क्या कुछ खास घोषणाएं की हैं।

वर्कफोर्स में महिलाओं की बढ़ेगी भागीदारी

वर्कफोर्स में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सरकार आवश्यक कदम उठाएगी। वित्त मंत्री ने बताया कि सरकार इंडस्ट्री के साथ मिलकर महिलाओं के लिए काम करने वाली महिलाओं के लिए हॉस्टल का निर्माण करेगी और साथ ही महिलाओं के लिए क्रेच का निर्माण भी किया जाएगा। सरकार इंडस्ट्री के साथ मिलकर महिलाओं को कुशल बनाने के लिए काम करेगी और साथ ही मार्केट में महिलाओं द्वारा चलाये जाने वाले स्वयं सहायता समूहों की पहुंच को भी बढ़ावा देगी।

महिलाओं को देनी होगी कम स्टाम्प ड्यूटी

निर्मला सीतारमण ने बताया कि बजट 2024 प्रमुख रूप से किसानों, गरीबों, युवाओं और महिलाओं के संयुक्त विकास पर ध्यान देगा। साथ ही उन्होंने कारीगरों, शिल्पकारों, स्वयं सहायता समूहों, और महिलाओं की आर्थिक गतिविधि को बढ़ावा देने वाली पीएम विश्वकर्मा, पीएम स्वनिधि, एनआरएलएम और स्टैंड अप इंडिया जैसी योजनाओं के बारे में भी बताया। महिलाओं द्वारा खरीदी जाने वाली प्रॉपर्टी पर ली जाने वाली स्टैम्प ड्यूटी में भी कटौती की जायेगी। अब महिलाओं को प्रॉपर्टी खरीदने पर पहले के मुकाबले कम स्टाम्प ड्यूटी का भुगतान करना होगा।

इस तरह बढ़ सकती है भागीदारी

बजट 2024 पर अपनी राय रखते हुए एमोहा के सीईओ और को-फाउंडर सौम्यजीत रॉय ने कहा कि हॉस्टल और क्रेच के निर्माण और कौशल विकास प्रोग्राम्स के माध्यम से वर्कफोर्स में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का बजट 2024 का उद्देश्य अत्यंत सराहनीय है। ‘सैंडविच जनरेशन’ में महिलाऐं अक्सर बच्चों और बड़ों की देखरेख की जिम्मेदारियों के चलते अपने करियर को त्याग देती हैं।

EMOHA में हम मानते हैं कि कर्मचारी के बेनिफिट के तौर पर सीनियर केयर को भी शामिल किया जाना चाहिए। इस तरह हम वर्कफोर्स में महिलाओं को पूरी क्षमता के साथ शामिल कर सकते हैं। सीनियर केयर के माध्यम से मई 2024 के दौरान वर्कफोर्स में महिलाओं की संख्या में हुई 17.2% की वृद्धि में और अधिक इजाफा देखने को मिल सकता है।

यह भी पढ़ें : Budget 2024 Impact on Share Market : सेंसेक्स 73 अंक और निफ्टी 30 अंक गिरकर बंद