4 महीने पहले ही मर्डर केस में जमानत पर जेल से बाहर आया था युवक
Hisar News (आज समाज) हिसार: जींद के एक प्रेमी जोड़ने ने हिसार में जहर निगल कर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव हिसार के नारनौंद क्षेत्र में स्थित गांव मोठ के पास प्रदीप कुमार के खेत में मिले। दोनों ने एक दूसरे को गले लगाया हुआ था। युवक दूर के रिश्ते में युवती का जीजा लगता था। वह 4 महीने पहले ही मर्डर केस में जमानत पर जेल से बाहर आया था। पुलिस के मुताबिक हिसार के नारनौंद क्षेत्र में स्थित गांव मोठ के पास प्रदीप कुमार का खेत है। गुरुवार रात को प्रदीप ने खेत में पानी लगाया था। शुक्रवार को प्रदीप का भाई खेत में घूमने के लिए गया था। वहां उसे खेत के किनारे पर एक युवक और युवती के शव पड़े मिले।

जींद के रहने वाले थे दोनों

मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने उनके बगल में मिले बैग की जांच की। जिसमें से कुछ कागजात मिले। पुलिस ने छानबीन की तो युवक की पहचान जींद जिले के सफीदों के कारखाना गांव निवासी प्रवेश (25) के रूप में हुई। वह मजदूरी करता था। युवती नगूरां गांव की रीना (21) थी। पूछताछ में सामने आया कि दोनों युवक और युवती आपस में रिश्तेदार थे। प्रवेश, रीना की मौसी की बेटी का देवर था। दोनों अविवाहित थे।

एमए की पढ़ाई कर रही रीना

प्रवेश और रीना गुरुवार शाम को घर से निकले थे। दोनों परिवारों को यह नहीं पता था कि दोनों एक साथ गए हैं। रात तक वे उनकी तलाश करते रहे। रीना जींद के एक कॉलेज से एमए कर रही थी। रीना की मां की 15 साल पहले मौत हो चुकी है। उसके पिता खेती करते हैं, जबकि भाई पढ़ाई कर रहा है। पुलिस ने तुरंत जींद में उनके परिजनों को सूचना दी। वहीं दोनों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए हांसी के नागरिक अस्पताल में भिजवा दिए। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर इत्तेफाकिया कार्रवाई की है।

ये भी पढ़ें : Delhi Election Result 2025 : दिल्ली विस चुनाव परिणाम आज, किसके हाथ लगेगी सत्ता की चाबी