रेवाड़ी के गांव चिराहड़ा से भिवानी के गांव तिगड़ाना में बारात लेकर पहुंचा था हिमांशु
Bhiwani News (आज समाज) भिवानी: हरियाणा के भिवानी में एक दुल्हन की विदाई चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां पर दूल्हा अपनी दुल्हन को हेलिकॉप्टर में लेकर गया। शादी की सभी रस्में पूर्ण होने पर दूल्हा हेलिकॉप्टर में अपनी दुल्हन को लेकर चला गया। जानकारी के अनुसार दूल्हा रेवाड़ी के गांव चिराहड़ा का रहने वाला है। उसका नाम हिमांशु चौहान है और वह एक आईटी इंजीनियर है।

वहीं, दुल्हन का नाम गरिमा चौहान है, जो पेशे से एक डाइटिशियन है। वह भिवानी जिले के गांव तिगड़ाना की रहने वाली है। 7 फरवरी को हिमांशु बारात लेकर गरिमा के द्वार पर भिवानी पहुंचा था। वहां सभी रीति-रिवाजों के साथ दोनों ने 7 फेरे लिए और विवाह संपन्न हुआ। इसके बाद 8 फरवरी को दुल्हन की विदाई को यादगार बनाने के लिए हेलिकॉप्टर मंगाया गया। इसके लिए दूल्हे के पिता ने 8 लाख रुपए खर्च किए।

दुल्हन के फूफा रह चुके हरियाणा विधानसभा के स्पीकर

दुल्हन के फूफा तो हरियाणा विधानसभा के स्पीकर रह चुके हैं। फिर भी दूल्हे के पिता का कहना है कि उन्होंने पुत्रवधु की विदाई बेटी समझकर करवाई है, क्योंकि 45 वर्षों से उनके परिवार में कोई बेटी पैदा नहीं हुई। वह पुत्रवधु के रूप में बेटी के आगमन को यादगार बनाना चाहते थे।

दुल्हन के पिता परमजीत सिंह चौहान राजनीति में सक्रिय

दुल्हन के पिता परमजीत सिंह चौहान राजनीति में सक्रिय हैं। वह भिवानी जिले में कई चुनाव लड़ चुके हैं। वहीं, दुल्हन के फूफा छत्तर सिंह थे, जो हरियाणा विधानसभा स्पीकर रह चुके हैं। हालांकि, करीब एक साल पहले उनका देहांत हो गया। छत्तर सिंह चौहान 1991 में पहली बार विधायक बने थे। वह साल 1996 से 1999 तक विधानसभा के अध्यक्ष रहे। उन्हें बंसीलाल की सरकार में विधानसभा स्पीकर बनाया गया था।

ये भी पढ़ें : PM Modi on Delhi Victory : दिल्ली में डबल इंजन की सरकार करेगी विकास : पीएम

ये भी पढ़ें : Delhi Election 2025 Analysis : आप के सामने अब संगठन बचाने की चुनौती