पिहोवा में सरस्वती तीथ पर पहुंचकर की पूजा-अर्चना, पुरोहित के पास अपनी वंशावली भी देखी
Kurukshetra News (आज समाज) कुरुक्षेत्र: बॉलीवुड अभिनेता मनोज कुमार के बेटों ने कुरुक्षेत्र के पिहोवा में सरस्वती तीर्थ पर पहुंचकर अपने पिता की आत्मिक शांति के लिए पिंडदान किया। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे मनोज कुमार के बेटे कुणाल और विशाल पिहोवा के सरस्वती तीर्थ पर पहुंचे। यहां उन्होंने अपने पिता के निमित्त विधिपूर्वक पिंडदान किया और पूजा-अर्चना की।
इसके बाद वे भगवान कार्तिकेय के मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने श्रद्धाभाव से कार्तिकेयजी को तेल अर्पित किया। उन्होंने बड़े शिवालय पृथ्वेश्वर महादेव मंदिर में भी दर्शन किए। परिवार ने पुरोहित के पास अपनी वंशावली भी देखी। मनोज कुमार के बेटे कुणाल ने बताया कि पुराने टाइम से पिहोवा आने की परंपरा है। उन्होंने हरिद्वार में अपने पिता मनोज कुमार की अस्थियों का विसर्जन किया था।
पाकिस्तान में गुजरांवाला से संबंध रखता है मनोज कुमार का परिवार
तीर्थ पुरोहित मुकुट बिहारी ने बताया कि मनोज कुमार का परिवार पाकिस्तान के गुजरांवाला जिले से संबंध रखता है। पूजा अर्चना के लिए मनोज कुमार के बेटे कुणाल तथा विशाल दोनों साथ आए थे। कुणाल के बेटे करम और चाचा विनय गोस्वामी साथ थे। 4 अप्रैल को मनोज कुमार का 87 साल की आयु में निधन हो गया था।
ये भी पढ़ें : पीएम मोदी कल हरियाणा के दौरे पर, हिसार से अयोध्या फ्लाइट को झंडी दिखाएंगे पीएम मोदी