क्षेत्र में फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

Delhi Breaking News (आज समाज), नई दिल्ली : रविवार सुबह राजधानी दिल्ली के साउथ वेस्ट के डियर पार्क में सैर करने पहुंचे लोग उस समय हक्के-बक्के रह गए जब उन्होंने एक पेड़ से लड़का और लड़की के शव लटके हुए देखे। सुबह करीब साढ़े छह बजे जब इस घटना का पता चला तो पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इसी दौरान पार्क के गार्ड ने पुलिस को इस घटना की जानकारी कॉल के जरिए दी।

सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने साक्ष्य जुटाए और शवों को पेड़ से नीचे उतारा। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्राथमिक जांच में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है। लेकिन फिर भी पुलिस टीम घटना के सभी तथ्यों को सामने रखकर जांच में जुट गई है। पुलिस टीम वारदात के खुलासे के लिए एरिया में चल रहे सीसीटीवी की भी जांच कर रही है।

दोनों की उम्र लगभग 17 वर्ष

पुलिस के मुताबिक, आज सुबह 6.31 बजे बलजीत सिंह (35), निवासी हौज खास गांव, जो डियर पार्क में सुरक्षा गार्ड है, उन्होंने एक पीसीआर कॉल की। जिसमें बताया गया कि एक लड़का और एक लड़की एक पेड़ की शाखा पर लटके हुए हैं। सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि एक लड़का उम्र लगभग 17 वर्ष, जिसने काली टी-शर्ट और नीली जींस पहनी हुई थी और एक लड़की जो लगभग 17 वर्ष की थी, जिसने हरे रंग की पोशाक पहनी हुई थी, दोनों एक पेड़ की शाखा पर नायलॉन की रस्सी से लटके थे। पुलिस ने शवों को शवगृह में रखवा दिया गया है। दोनों ने आत्महत्या की है या फिर उनकी हत्या हुई है। यह जांच में सामने आएगा।

इधर वजीरपुर में हत्या के बाद बवाल

इधर दिल्ली के वजीरपुर की जेजे कॉलोनी में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। दरअसल यहां पर बच्चों के बीच हुए मामूली झगड़े को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई पर पहुंच गई। इसी दौरान चाकू तक चल गए। इसमें एक व्यक्ति की छाती में चाकू लगने से उसकी मौत हो गई। विवाद ने इतना तूल ले लिया की इस झगड़े को सांप्रदायिक रूप दिया जाने लगा। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और कार्रवाई शुरू कर दी। क्षेत्र में इस घटना के बाद तनाव की स्थिति है और पुलिस हर छोटी हरकत पर भी नजर बनाए हुए है।

ये भी पढ़ें : Delhi News : अध्यात्म और शौर्य का प्रतीक है बिहार : वीरेंद्र सचदेवा

ये भी पढ़ें : Delhi Crime News : अवैध रूप से रह रहे 18 बांग्लादेशी पकड़े