Haryana News: सिरसा में मेरी नहीं भाजपा की नीतियों की हार हुई थी : अशोक तंवर

0
14
सिरसा में मेरी नहीं भाजपा की नीतियों की हार हुई थी : अशोक तंवर
Haryana News: सिरसा में मेरी नहीं भाजपा की नीतियों की हार हुई थी : अशोक तंवर

कांग्रेस में शामिल होने के बाद अशोक तंवर ने भाजपा पर साधा निशाना
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: गत दिवस महेंद्रगढ़ में आयोजित एक रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल होने वाले पूर्व सांसद व कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक तवंर ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। अशोक तंवर ने दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने जाति और धर्म के नाम पर देश को बांटने का काम किया है। भाजपा ने दलित और शोषित वर्ग के अधिकार छीनने का काम किया। भाजपा की सोच आरक्षण विरोधी है। भाजपा ने इन वर्गों का इस्तेमाल सिर्फ वोट बैंक के तौर पर किया है। अशोक तंवर ने कहा कि सविंधान निर्माता बाबा साहेब ने हमें जो वोट करने का अधिकार दिया है। उसका इस्तेमाल करते हुए कल होने वाली वोटिंग में कांग्रेस के पक्ष में वोट करके प्रदेश से भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकना है। उन्होंने कहा कि एक बड़ा जनादेश देकर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनानी है।

इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन ने अशोक तवंर को पटका पहनाकर विधिवत रूप से कांग्रेस की सदस्यता दिलवाई। पत्रकारों द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में तंवर ने कहा कि भाजपा में दलित और शोषित वर्ग के नेताओं को वो सम्मान नहीं मिलता जो कांग्रेस पार्टी देती है। एक अन्य सवाल के जवाब में तंवर ने कहा कि सिरसा से लोकसभा चुनाव में मेरी हार नहीं हुई। वह भाजपा और भाजपा सरकार की नीतियों की हार थी। कांग्रेस को अपना घर बताते हुए तंवर ने कहा कि अगर सुबह का भूला शाम को घर आ जाए तो उसे भूला नहीं कहते। तंवर ने कहा कि अपने घर की अहमियत घर को छोड़ने के बाद ही पता चलती है। इसलिए उन्होंने फिर से घर वापसी की है।

हरियाणा वीरों, पहलवानों व जवानों की धरती

मीडिया को संबोधित करते हुए तंवर ने कहा कि हरियाणा वीरों, पहलवानों व जवानों की धरती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा का आदमी जब मन में कुछ सोच लेता है तो वह काम करके ही रहता है। इसबार हरियाणा के लोगों ने कांग्रेस की सरकार बनाने का मन बना लिया है। इसलिए प्रदेश में पूर्ण बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा देश के अंदर सिर्फ राहुल गांधी ही सविंधान को बचाने का काम कर रहे है। हमने भी उसी काम राहुल गांधी का साथ देना है। गौरतलब है कि अशोक तंवर लोकसभा चुनाव से पहले जनवरी में भाजपा में शामिल हुए थे। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ मतभेदों के बाद अक्टूबर 2019 में कांग्रेस छोड़ दी थी। बाद में वो टीएमसी और आप में भी रह। अशोक तंवर पांच साल तक हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं। वह एक बार सिरसा से सांसद भी रह चुके है। प्रदेश के बड़े दलित नेताओं में अशोक तवंर की गिनती होती है।

यह भी पढ़ें : Supreme Court: सीबीआई, खाद्य सुरक्षा निकाय और प्रदेश पुलिस करेगी तिरुपति लड्डू विवाद की जांच