Kurukshetra News: प्रदेश के हर विधानसभा में होगी भाजपा की जन आशीर्वाद रैली

0
60
प्रदेश के हर विधानसभा में होगी भाजपा की जन आशीर्वाद रैली
प्रदेश के हर विधानसभा में होगी भाजपा की जन आशीर्वाद रैली

Kurukshetra News (आज समाज) कुरुक्षेत्र: भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को विजय शंखनाद रैली से सियासी युद्ध का आगाज किया है। अब प्रदेश की हर विधानसभा में मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में जन आशीर्वाद रैली आयोजित होगी, जिसमें पार्टी के दिग्गज नेता पहुंचेंगे। होटल में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने उक्त जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पार्टी के बड़े नेताओं के साथ ही वह स्वयं भी अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास करेंगे। वहीं युवा मोर्चा भी 11 से 14 अगस्त तक हर विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकालेगा। उन्होंने बताया कि पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में विधानसभा चुनाव के लिए संकल्प पत्र समिति का गठन किया गया है, जिसके अध्यक्ष पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़ को बनाया गया है। पार्टी की ओर से 14 अगस्त को प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में विभाजन विभीषिका दिवस का आयोजन किया गया जाएगा। पार्टी की संसदीय बोर्ड की सदस्य डॉ. सुधा यादव को प्रवास कार्यक्रमों का संयोजक बनाया गया है। उन्होंने बताया कि जन आशीर्वाद सपंर्क अभियान हर जिले में चलेगा और पांच अगस्त को जींद व हिसार में आयोजन होगा, जिसमें वे खुद मौजूद होंगे। मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में बाकी सभी 89 विधानसभाओं में जन आशीर्वाद रैलियां होंगी। इसके लिए कार्यक्रम तय कर लिए गए हैं। उन्होंने दावा किया प्रदेश की जनता ने फिर से डबल इंजन की सरकार बनाने का मन बना लिया है।