आप संयोजक और पार्टी सुप्रीमो ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर साधा निशाना
Delhi Breaking News (आज समाज), नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा के हाथों मिली करारी हार के बाद आप सुप्रीमों और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एक बार फिर से प्रत्यक्ष रूप से राजनीति में सरगर्म होते दिखाई दे रहे हैं। पिछले दिनों जहां उन्होंने पंजाब में कई राजनीतिक कार्यक्रमों में भाग लिया वहीं अब एक बार फिर से उन्होंने दिल्ली की शिक्षा प्रणाली को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि भाजपा की दिल्ली सरकार दिल्ली शिक्षा ढांचे को पूरी तरह से नष्ट करने पर तुली हुई है जिससे लाखों बच्चों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
गुजरात मॉडल लाना चाहती है भाजपा
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए शिक्षा व्यवस्था को खराब करने का आरोप लगाया है। केजरीवाल ने दावा किया कि भाजपा देश में गुजरात मॉडल को लागू करना चाहती है, जहां शिक्षा का स्तर काफी खराब है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि भाजपा पूरे देश में गुजरात मॉडल को लागू करना चाहती है। यह डबल इंजन मॉडल है। भाजपा एक राज्य बताएं जहां उनकी सरकार है और उन्होंने वहां शिक्षा को खराब नहीं किया है। इससे पहले केजरीवाल ने दिल्ली की शिक्षा प्रणाली को नष्ट करने की कोशिश करने का आरोप लगाया था।
दिल्ली की शिक्षा प्रणाली माफिया के चंगुल में फंसी
उन्होंने कहा कि निजी स्कूलों में फीस वृद्धि के बाद दिल्ली में शिक्षा प्रणाली पूरी तरह से भाजपा सरकार के तहत माफियाओं के चुंगल में फंस गई है। अभिभावक निजी स्कूलों के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और भाजपा के मंत्री सरकारी स्कूल-सरकारी स्कूल का खेल खेलने में व्यस्त हैं। उन्हें समस्या के समाधान के लिए वहां जाना चाहिए। लेकिन वे निजी स्कूल मालिकों से डरते हैं।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनकी पार्टी की दिल्ली में 10 साल तक सरकार रही लेकिन इन 10 साल में प्राइवेट स्कूल संचालकों को कभी भी मनमानी नहीं करने दी और न ही लाखों अभिभावकों का कभी शोषण करने दिया गया। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही उनकी नीतियां सामने आनी शुरू हो गई हैं और आम आदमी पर वित्तीय बोझ बढ़ना शुरू हो गया है। जोकि आने वाले समय में तेजी से बढ़ता जाएगा।
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : कांग्रेस नेता नहीं चाहते पंजाब में शांति रहे : मान
ये भी पढ़ें : Punjab Crime News : विदेश से संचालित आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश