आज होगा चुनाव, आप ने बनाई चुनाव से दूरी
Delhi Mayor Election (आज समाज), नई दिल्ली : दिल्ली में विधानसभा के बाद मेयर पद से भी आम आदमी पार्टी की विदाई लगभग तय हो चुकी है। आज दिल्ली में मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव होना है। लेकिन आम आदमी पार्टी ने चुनाव से दूरी बनाते हुए अपना प्रत्याशी खड़ा नहीं किया इसके साथ ही उसने चुनाव का बहिष्कार कर दिया। अब यह मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है लेकिन कांग्रेस के ज्यदा पार्षद न होने के चलते भाजपा की जीत तय मानी जा रही है।
ये हैं भाजपा के प्रत्याशी
भाजपा ने मेयर पद के लिए नेता प्रतिपक्ष राजा इकबाल सिंह और डिप्टी मेयर पद के लिए उप नेता प्रतिपक्ष जयभगवान यादव को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने वरिष्ठ पार्षद मनदीप सिंह को मेयर व युवा पार्षद अरिबा खान को डिप्टी मेयर पद का उम्मीदवार घोषित किया है। ज्ञात रहे कि आम आदमी पार्टी और भाजपा में पहले मुख्य मुकाबला माना जा रहा था लेकिन अब एकतरफा मुकाबले में भाजपा की जीत तय मानी जा रही है।
एक दशक तक रही दिल्ली में आप की सरकार
आम आदमी पार्टी ने एक दशक तक दिल्ली की सत्ता पर राज किया। दोनों बार इसने न केवल विधानसभा चुनाव में विपक्षी पार्टियों को सुपड़ा साफ किया बल्कि दिल्ली में ज्यादात्तर पार्षद आम आदमी पार्टी के होने के चलते दिल्ली में मेयर और डिप्टी मेयर के पदों पर भी आप की ही सरकार रही। इस बार पहले लोकसभा फिर विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की करारी हार के बाद बहुत सारे पार्षद आप को अलविदा कहते हुए भाजपा में शामिल हो गए थे। जिसके चलते पहले ही उम्मीद जताई जा रही थी कि भाजपा इस बार मेयर व उपमेयर के पद पर भी बाजी मार लेगी। शायद यह भी एक कारण रहा होगा की आम आदमी पार्टी ने इस चुनाव से दूरी बनाते हुए इसका बहिष्कार कर दिया है।
27 साल बाद भाजपा दिल्ली में सत्ता में आई
ज्ञात रहे कि भाजपा को दिल्ली में दोबारा सत्ता हासिल करने के लिए 27 साल का लंबा संघर्ष करना पड़ा। यहां तक की दो बार केंद्र में भाजपा की सरकार पूर्ण बहुमत से सत्ता में आई लेकिन दिल्ली विधानसभा उनकी पहुंच से दूर ही रही। लेकिन इस बार पहले लोकसभा फिर विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जीत का परचम लहराते हुए सत्ता संभाली।
ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : राज्य की सूरत बदलने के लिए हम तैयार : मान
ये भी पढ़ें : Punjab News Update : पंजाब में जल्द होगी एक हजार चिकित्सकों की भर्ती