पूर्व पर्यावरण मंत्री ने कहा अब केंद्र और दिल्ली में भाजपा सरकार दिल्ली की हवा करे साफ
Delhi News Update (आज समाज), नई दिल्ली : वर्तमान समय में राजधानी दिल्ली जिन समस्याओं का सबसे ज्यादा सामना कर रही है उनमें से एक प्रमुख समस्या है प्रदूषण की समस्या। दिल्ली पिछले काफी समय से गैस चैंबर में तब्दील हो चुकी है और यहां के लोग दम घोटू हवा में सांस लेने को मजबूर हैं। ऐसे में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा है कि अब केंद्र और दिल्ली में भाजपा की सरकार है तो ऐसे में भाजपा अब दिल्ली की हवा साफ करके बताए।
आप नेता ने यह कहा
दिल्ली में प्रदूषण के स्तर को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी ने कहा कि आप सरकार ने पूरे साल में दिल्ली को 200 से ज्यादा दिनों तक साफ हवा दी। अब दिल्ली के साथ पूरे एनसीआर में भाजपा की सरकार है। इस आकड़े को 300 पार करके दिखाए। आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि 2016 में दिल्ली को 365 में से सिर्फ 109 दिन साफ हवा मिलती थी।
आप सरकार के प्रयास के कारण पिछले साल लोगों को 209 दिनों तक साफ हवा मिली। अब दिल्ली में भाजपा सत्ता में है। हम चाहते हैं कि वह अच्छे दिनों की संख्या 209 से बढ़ाकर 309 दिनों तक पहुंचाए। अब केंद्र के साथ पूरे एनसीआर में भाजपा की सरकार है। वह दिल्ली के चारों तरफ धुंआ फैला रहीं डीजल बसों बंद कराए और पूरे एनसीआर में सिर्फ इलेक्ट्रिक बसों का संचालन करवाए। जहां हमारे सहयोग की जरूरत होगी, हम अवश्य करेंगे।
भाजपा अब सत्ता में है तो काम करके दिखाए
राय ने कहा कि शनिवार को दिल्ली के पर्यावरण मंत्री ने पहली बैठक की। उन्होंने बैठक के बाद मीडिया को बताया कि पिछली सरकार ने कोई काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को काम करने के लिए सत्ता दी है। यदि मान ले कि आप सरकार ने कुछ नहीं किया तो पिछले साल लोगों ने दिल्ली में 209 दिन अच्छे दिन कैसे मिले। केंद्र में भाजपा की सरकार रहने के बावजूद आम आदमी पार्टी की सरकार ने दिल्ली में 2 हजार इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर चलाई। दिल्ली में आम आदमी पार्टी को छोड़कर भाजपा अपने किसी भी राज्य में इतनी बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक बसें सड़क पर नहीं उतार पाई है।
ये भी पढ़ें : Uttarakhand Avalanche Update : माना हिमस्खलन बचाव अभियान समाप्त
ये भी पढ़ें : Breaking Hindi News : मुश्किल में फंसी पूर्व सेबी अध्यक्ष माधवी