Nuh News: हरियाणा मांगे हिसाब से बौखलाई भाजपा: दीपेंद्र

0
159
हरियाणा मांगे हिसाब से बौखलाई भाजपा: दीपेंद्र
हरियाणा मांगे हिसाब से बौखलाई भाजपा: दीपेंद्र

Nuh News (आज समाज) रोहतक: रोहतक सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस विधायकों पर ईडी की हुई छापेमारी को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ईडी ने छापेमारी कर कांग्रेस के तीन विधायकों को जीत का सर्टिफिकेट देने का काम किया है। गुरुग्राम के बादशाहपुर से दीपेंद्र हुड्डा ने ईडी की छापेमारी को लेकर भाजपा पर जुबानी हमला बोला। सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा मांगे हिसाब अभियान शुरू होने के बाद भाजपा की समर्थन टीम मैदान में उतर आई है। भाजपाइयों को बता दूं कि जहां-जहां ईडी जा रही है, वहां-वहां कांग्रेस को फायदा होगा। अगर भाजपा से सवाल पूछने पर कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाया जाएगा तो इसका उल्टा असर भाजपा पर पड़ेगा। हाल ही में जहां-जहां कांग्रेस नेताओं के घर ईडी गई, वहां-वहां कांग्रेस की जीत हुई। राजस्थान में जहां-जहां गई, वहां-वहां कांग्रेस की जीत हुई। तीन दिन में ईडी ने कांग्रेस के तीन विधायकों के घर छापेमारी की। हरियाणा में दो महीने बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा को यह मान लेना चाहिए कि वे तीनों जगह जीत का सर्टिफिकेट देकर आए हैं।

हरियाणा मांगे हिसाब यात्रा से बौखलाई भाजपा

दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस की हरियाणा मांगे हिसाब यात्रा से भाजपा सरकार बौखला गई है। इसीलिए वह कांग्रेस विधायकों पर ईडी की छापेमारी करवाकर सवाल पूछने का दबाव बना रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने 10 साल के कार्यकाल के बारे में जवाब नहीं दे पा रही है। उल्टा कांग्रेस से जवाब मांग रही है। वहीं भाजपा के बयानों से लग रहा है कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ही जीतेगी।