Haryana News: भाजपा ने बागी होकर चुनाव लड़ रहे 8 नेताओ को पार्टी से निकाला

0
5
भाजपा ने बागी होकर चुनाव लड़ रहे 8 नेताओ को पार्टी से निकाला
Haryana News: भाजपा ने बागी होकर चुनाव लड़ रहे 8 नेताओ को पार्टी से निकाला

6 साल के लिए पार्टी से किया निष्कासित
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा चुनाव के बीच कांग्रेस के बाद अब भाजपा ने भी पार्टी से बागी होकर चुनाव मैदान में उतरे नेताओं पर कार्रवाई करनी शुरू कर दी है। भाजपा ने गत देर रात ऐसे नेताओं की सूची जारी करते हुए उन्हें पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। भाजपा ने जिन नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाया है उनमें भाजपा सरकार में बिजली मंत्री रहे रणजीत सिंह चौटाला, गन्नौर विधानसभा से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे देवेंद्र कादियान, लाडवा से संदीप गर्ग, असंध से जिलेराम शर्मा, सफीदों से बच्चन सिंह आर्य, महम से राधा अहलावत, गुरुग्राम से नवीन गोयल और हथीन से केहर सिंह रावत शामिल हैं।

इन नेताओं को पार्टी विरोधी नीतियों में शामिल होने के कारण बाहर का रास्ता दिखाया है। वहीं महम हलके से भाजपा का टिकट न मिलने से नाराज राधा अहलावत पार्टी उम्मीदवार के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ रही हैं। राधा अहलावत के पति शमशेर खरकड़ा वर्ष 2014 में इनेलो छोड़कर भाजपा में शामिल हुए। भाजपा ने साल 2014 व 2019 में हलके से शमशेर खरकड़ा को टिकट दिया था, लेकिन वह जीत नहीं पाए। भाजपा ने यहां से भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान दीपक हुड्डा को टिकट दिया है।

2019 में निर्दलीय जीते थे रणजीत चौटाला

गौरतलब है कि रणजीत चौटाला 2019 में निर्दलीय चुनाव जीते थे। उन्होंने भाजपा को समर्थन दिया था। भाजपा ने उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाते हुए बिजली मंत्री विभाग दिया था। लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने भाजपा ज्वाइन कर ली थी। तब भाजपा ने उन्हें हिसार से लोकसभा का चुनाव लड़वाया था। लेकिन वह कांग्रेस के जयप्रकाश से हार गए थे। रणजीत सिंह अब की बार भाजपा की टिकट पर रानियां से चुनाव लड़ना चाहते थे। लेकिन भाजपा ने उनकी टिकट काट दी। भाजपा ने यहां से शीशपाल कंबोज को चुनावी मैदान में उतारा है।

वहीं, मन्नत ग्रुप होटल्स के चेयरमैन देवेंद्र कादियान गन्नौर से भाजपा का टिकट चाह रहे थे, लेकिन पार्टी ने देवेंद्र कौशिक को अपना उम्मीदवार बना दिया। इससे नाराज कादियान बागी हो गए और उन्होंने निर्दलीय नॉमिनेशन कर दिया। देवेंद्र कादियान ने युवा कांग्रेस से अपनी राजनीति शुरू की थी। वह युवा कांग्रेस में राष्ट्रीय महासचिव भी रह चुके। 2018 में उन्होंने भाजपा जॉइन कर ली। वह गन्नौर से भाजपा के टिकट के प्रबल दावेदार थे, लेकिन टिकट निर्मल चौधरी को दे दिया था।

24 नेताओं को पार्टी से निकाल चुकी कांग्रेस

वही कांग्रेस ने 24 बागियों को बाहर का रास्ता दिखाया है। पार्टी ने 8 नेताओं को हाल में निकाला। उससे पहले एक साथ 13 नेताओं को बाहर किया था। वहीं, 3 नेताओं पर शुरूआत में ही कार्रवाई की थी। कारण बताया गया कि ये सभी नेता अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल थे। बताया जा रहा है कि ये सभी नेता हरियाणा विधानसभा चुनाव में टिकट न मिलने और पार्टी की ओर से उनकी अनदेखी किए जाने से नाराज थे। इसलिए, कुछ नेता निर्दलीय ही कांग्रेस उम्मीदवार के सामने चुनावी मैदान में उतर गए थे, और कुछ नेता पार्टी उम्मीदवार को सपोर्ट नहीं कर रहे थे।

यह भी पढ़ें : Northern Railway News : उत्तर रेलवे के इस फैसले से हैरानी में यात्री