Jind News: भाजपा और कांग्रेस का आपस में फिक्सिंग है, माहौल बनना शुरू हो चुका, 30 दिन बहुत है: दुष्यंत चौटाला

0
143
दुष्यंत चौटाला

Jind News (आज समाज) जींद: पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के डूमरखा कला गांव बुधवार देर रात पहुंचे पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला का लोगों ने स्वागत किया। यहां पर उन्होंने बीरेंद्र सिंह पर जमकर जुबानी हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान और पूर्व मंत्री अनिल विज पर भी निशाना साधा। दुष्यंत ने कांग्रेस और भाजपा पर राजनीतिक निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस-बीजेपी की आपस में फिक्सिंग है, इसीलिए कांग्रेस ने राज्यसभा में अपना उम्मीदवार नहीं उतारा। उदयभान के जमानत जब्त पार्टी वाले बयान पर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उदयभान अपनी खुद की सोचें और हिम्मत है, तो होडल विधानसभा से कांग्रेस से टिकट लेकर लड़कर दिखाएं। हमारी ना सोचें कि किसका क्या होगा? आज कांग्रेस के मुंह से जेजेपी निकलना, बीजेपी के मुंह से जेजेपी निकलना, यह घबराहट दोनों पार्टियों में है, माहौल बनना शुरू हो चुका है। पिछली बार भी 15 दिन में माहौल बना था और हम 10 सीटें जीते थे। आज तो हम एडवांस हैं 30 दिन बचे हैं। 30 दिन में तो पता नहीं कितनी सीटें हम ले आएंगे। बीरेंद्र सिंह ने कहा था कि गठबंधन में दोनों पार्टियों ज्यादा दिन तक नहीं टिक पाएंगे। इस सवाल पर कहा कि आप बीरेन्द्र सिंह के मुंह पर माइक लगाकर यह पूछ लो की 4 साल और 6 महीने आपके गला फाड़ते हो गए कि दुष्यंत उचाना से नहीं लड़ेगा। अब वह लड़ रहा है तो आप क्यों घबरा रहे हो? गठबंधन रहेगा और मजबूत रहेगा और आगे भी चलेगा, उनको घबराने की जरूरत नहीं है।