Kanhaiya Kumar Custody, (आज समाज), पटना: बिहार की राजधानी पटना में कांग्रेस की पदयात्रा के दौरान आज पार्टी के नेता कन्हैया कुमार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कन्हैया कुमार की अगुवाई में प्रदर्शन में शामिल हजारों कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने जा रहे थे। लेकिन उन्हें रास्ते में ही रोक दिया गया। कन्हैया कुमार प्रदर्शन के जरिये यात्रा का समापन करने जा रहे थे।
राजापुल के पास रोका, दो पहले आए थे राहुल
कन्हैया कुमार सदाकत आश्रम से ‘पलायन रोको नौकरी दो’ के बैनर तले यात्रा पर निकले थे। पुलिस ने उन्हें व अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निकलते ही राजापुल के पास रोक दिया। विरोध करने पर पुलिस ने बल प्रयोग भी किया। बता दें कि काग्रेस नेता राहुल गांधी दो दिन पहले ही पटना के दौरे पर आए थे। इसके बाद पार्टी ने आज राजधानी पटना में बड़ा प्रदर्शन शुरू हुआ।
प्रदर्शनकारियों पर वाटर केनन का इस्तेमाल
सूत्रों के अनुसार पुलिस ने पदयात्रा में शामिल प्रदर्शनकारियों पर वाटर केनन का इस्तेमाल भी किया। इसी दौरान अन्य कार्यकर्ताओं के साथ-साथ कन्हैया कुमार को हिरासत में ले लिया गया। प्रदर्शन से पहले कन्हैया ने कहा कि बिहार की जनता गरीबी और बेराजगारी से परेशान है और मजबूरी में उन्हें प्रदेश से पलायन करना पड़ रहा है।
16 मार्च को इस मकसद से शुरू की थी पदयात्रा
बता दें कि कांग्रेस ने पश्चिम चंपारण के भितिहरवा गांधी आश्रम से पिछले महीने 16 मार्च को बिहार के बेरोजगारों व युवाओं के लिए पदयात्रा शुरू की थी। इसके बाद यात्रा में कई लाख लोग जुड़ गए और अब यह यात्रा संघर्ष तथा सत्याग्रह का रूप ले रही है। लोगों में मौजूदा सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश है।
पुलिस ने पहले ही सुरक्षा कड़ी कर दी थी
कांग्रेस ने आज के प्रदर्शन में 5000 से ज्यादा नेताओं व वर्कर्स के शामिल होने का दावा किया था। उनका सीएम हाउस तक मार्च का प्लान था। कन्हैया ने कहा था कि हम लोग सीएम नीतीश कुमार से मिलेंगे और उन्हें ज्ञापन सौंपने का प्रयास करेंगे। प्रदर्शन को देखते हुए पटना पुलिस ने पहले ही सुरक्षा कड़ी कर दी थी।
ये भी पढ़ें : Bihar Breaking News : भाजपा के पीछे चल रहे सीएम नीतीश : तेजस्वी