(Bhiwani News) लोहारू। डूंडलोद पब्लिक स्कूल डूंडलोद में स्टाफ सदस्यों व छात्र-छात्राओं ने स्कूल परिसर में पेड़ लगाकर विश्व पृथ्वी दिवस मनाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर अध्यापक शांतनु शर्मा के निर्देशन में छात्र-छात्राओं ने पृथ्वी का संकल्प विषय पर एक लघु नाटिका प्रस्तुत की। छात्र उदित तिवारी ने पृथ्वी दिवस के इतिहास से अवगत कराया।
सभी को प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना चाहिए
प्राचार्य धनंजय लाल ने अपने विचार प्रकट करते हुए कहा कि हम सभी को पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और पृथ्वी के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करनी चाहिए। सभी को प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना चाहिए। प्राकृतिक संसाधनों के बिना पृथ्वी पर जीवित रहना मुश्किल हो जाएगा।
साथ ही हमें यह कोशिश करनी चाहिए कि पृथ्वी हरी भरी, प्रदूषित रहित एवं स्वच्छ रहे। विद्यालय सचिव बीएल रणवा ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि पृथ्वी सौरमंडल का पांचवा सबसे बड़ा ग्रह है।
यह एकमात्र ज्ञात ग्रह है जिस पर जीवन मौजूद है। यदि हमें पृथ्वी पर जीवन बचाना है तो अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें, प्रदूषण कम करें और नदी, नालों में गंदगी न फैंके। पृथ्वी पर जीवन को सुरक्षित रखने के लिए पर्यावरण का सुरक्षित रहना परमावश्यक है। इस अवसर पर स्कूल के स्टाफ सदस्य एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : Bhiwani News : चौ. बंसीलाल कॉलेज के इतिहास विभाग में हॉबी क्लब गतिविधि संपन्न