Bhiwani News : नपा चुनाव की घोषणा के साथ ही चुनाव को लेकर युवाओं व महिलाओं में उत्सुकता

0
69
Bhiwani News : नपा चुनाव की घोषणा के साथ ही चुनाव को लेकर युवाओं व महिलाओं में उत्सुकता
लोहारू नगर पालिका कार्यालय।
  • चुनावी मैदान से नदारद नजर आ रहे है पुराने दिग्गज, अधिकांश नए युवा चेहरों ने बढ़ाई सक्रियता

(Bhiwani News) लोहारू। नगर निकाय चुनावों की घोषणा के साथ ही लोहारू नगर पालिका के चुनाव का बिगुल भी बज गया है तथा 2 मार्च को आयोजित होने वाले चुनाव के लिए सभी संभावित उम्मीदवार अब खुलकर सामने आने लगे है। लोहारू नगर पालिका के लिए कुल मतदाता 11075 हैं जिनमें 5759 पुरुष मतदाता तथा 5315 महिला मतदाता शामिल हैं।

कुल 14 वार्डों में से 5 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित

लोहारू नगर पालिका के कुल 14 वार्डों में से 5 वार्ड महिलाओं के लिए, दो वार्ड एससी पुरुष के लिए आरक्षित जबकि 7 वार्ड अनारक्षित हैं। इसमें महिलाओं के लिए वार्ड नंबर 1 व 5 एससी जाति की महिला, वार्ड नंबर 6 बीसी-ए की महिला, वार्ड नंबर 11 सामान्य जाति की महिला तथा वार्ड नंबर 12 को बीसी बी महिला के लिए आरक्षित किया गया है। इसी प्रकार वार्ड नंबर 4 व 8 एससी जाति के पुरुष के लिए आरक्षित रहेंगे।

पार्षद पद का चुनाव लड़ने वाले संभावित दावेदार खुद के लिए सुरक्षित जगह ढूंढ रहे

उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 2, 3, 7, 9, 10, 13 व वार्ड नंबर 14 को अनारक्षित रखा गया है। जबकि प्रधान पद सामान्य वर्ग के लिए है। ऐसे में नगर के पांच वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित होने के कारण पार्षद पद का चुनाव लड़ने वाले संभावित दावेदार खुद के लिए सुरक्षित जगह ढूंढ रहे है। जिन-जिन के वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हो गए वहां जो पुरुष चुनाव लड़ना चाहते थे वे अब किसी ऐसे वार्ड को ढूंढ रहे हैं जहां उनकी जीत सुनिश्चित हो सके।

हैरानी की बात तो यह है कि चुनाव की घोषणा के बाद अब अनेक प्रधान पद के दावेदार भी पार्षद के लिए सुरक्षित वार्ड ढूंढने लगे है। नगर में इस बार 14 वार्डों में चुनाव होगा। इस बार ईवीएम से मतदान होंगे व प्रधान पद का सीधा चुनाव होगा तथा 14 वार्डों का चुनाव होगा। लोहारू नपा चुनाव के लिए पहली बार ये तीन बदलाव हो रहे है। वहीं चुनाव को लेकर इस बार महिलाएं भी सक्रियता दिखा रही है। कुछ ऐसे भी भावी प्रत्याशी है जिनके घर से एक नहीं दो दो व्यक्ति चुनाव लड़ना चाह रहे हैं।

करीब 7 वर्ष के लंबे अंतराल के बाद होने जा रहे नपा चुनाव अनेक लोगों के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है। यही कारण है कि पुरुष पार्षद बनकर जैसे तैसे नगरपालिका में प्रवेश करना चाहते हैं और पार्षद बनकर ही नगर पालिका में जाना चाहते हैं। कुछ तो अल्पसंख्यकों में जाकर बड़े-बड़े दावे और वादे कर रहे हैं, उनको अपनी ओर खींचने के हर संभव प्रयास कर रहे हैं। चुनाव से पूर्व ही करीब दर्जन से अधिक दावेदार सामने आ गए थे लेकिन अब घोषणा के बाद इनकी संख्या बढ़ने के आसार है।

पुराने दिग्गज चुनावी मैदान से नदारद

लोहारू नपा चुनाव के लिए इस बार पुराने दिग्गज चुनावी मैदान से नदारद आ रहे है। अभी तक आए अधिकांश चेहरों में से पुराने चेहरे लगभग गायब है। लोहारू नपा के कई पूर्व एवं निवर्तमान प्रधान की ओर से अभी तक कोई भी चुनाव लड़ने के लिए खुलकर सामने नहीं आया है। वहीं इस चुनाव में युवा चेहरे अधिक उत्सुक दिखाई दे रहे है।

प्रधान पद हो या पार्षद पद, युवा चेहरे अपनी सक्रियता दिखाते हुए चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके है। इस बार किसी गुट से संबंध रखने वाले लोग चुनावी मैदान में कम ही नजर आ रहे है। ऐसे में सभी की नजरें चुनावों पर टिकी हुई है। नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू होने के बाद नए चेहरे और उभर कर आने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें : CharkhiDadri News : जागरूकता ही साइबर क्राइम से बचने का एकमात्र तरीका