Bhiwani News : गांव खरक में पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

0
11
Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath reached village Kharak
भाजपा प्रत्याशी कपूर वाल्मीकि के समर्थन में मंच से मतदान की अपील करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
  • योगी आदित्यनाथ बवानीखेड़ा से भाजपा प्रत्याशी कपूर वाल्मीकि के पक्ष में की मतदान की अपील
  • भाजपा ने देश के कोने-कोने को सडक़ मार्ग से जोडक़र व्यापार एवं उद्योग को दिया बढ़ावा : यूपी सीएम

(Bhiwani News) भिवानी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को हरियाणा के बवानीखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के गांव खरक में भाजपा प्रत्याशी कपूर वाल्मीकि के समर्थन में प्रचार किया। उन्होंने जनता से भारतीय जनता पार्टी की सरकार को समर्थन देने की अपील की, जिससे प्रदेश में जनहित की योजनाएं और सुशासन जारी रह सके।

भाजपा की सरकार प्रदेश की प्रगति के लिए आवश्यक : योगी आदित्यनाथ

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बवानीखेड़ा विधानसभा क्षेत्र की जनता कपूर वाल्मीकि को भारी मतों से विजयी बनाकर हरियाणा को विकास की राह पर आगे बढ़ा सकती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा की सरकार प्रदेश की प्रगति के लिए आवश्यक है और इसके लिए लोगों से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए।

भाजपा सरकार बनने के बाद हरियाणा प्रदेश में अपने संकल्प पत्र को एक कलम से लागू किया जाएगा

उन्होंने कहा कि देश के विकास में भाजपा ने अभूतपूर्व भूमिका निभाई है। देश के हर कोने को बड़े सडक़ मार्गो के माध्यम से कनेक्ट किया गया है। जिससे देश में उद्योग व व्यापार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद हरियाणा प्रदेश में अपने संकल्प पत्र को एक कलम से लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम जनता को कमल के निशान का बटन दबाकर भाजपा को जिताना चाहिए, ताकि राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ा जा सकें।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश में आतंकवाद बढ़ाने का कार्य किया है। कांग्रेस के 60 से 65 साल के कार्यकाल में भ्रष्टाचार, अराजकता व बेईमानी का राज रहा तथा भारत का पैसा स्विस बैंकों में पहुंचा। कांग्रेस के लिए देश प्राथमिकता कभी नहीं रहा। उन्होंने कहा कि देश पर जब भी संकट आता है, तब कांग्रेस व राहुल गांधी नजर नहीं आते। जब कोविड के समय में संकट आया तो 140 करोड़ की जनता को छोडक़र राहुल गांधी इटली में अपनी नानी के पास चले गए।

इस मौके पर बवानीखेड़ा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कपूर वाल्मीकि ने कहा कि भाजपा के कार्यक्रमों में उमड़ती भीड़ इस बात का स्पष्ट संकेत है कि प्रदेश की जनता भाजपा की नीतियों एवं कार्ययोजनाओं से काफी प्रभावित है तथा प्रदेश में तीसरी बार भी भाजपा की सरकार बनाने का मन बना चुकी है। कपूर वाल्मीकि ने कहा कि यदि यहां की जनता उन्हे मौका देती है तो इसका एकमात्र उद्देश्य यहां की जनता की सेवा कर इस क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करवाना रहेगा।

 

 

ये भी पढ़ें : Bhiwai News : शिक्षा के क्षेत्र में विशेष उपलब्धि प्राप्त करने पर अध्यापिका रीना वर्मा का स्टाफ सदस्यों ने किया सम्मान