• खेल शिक्षा एवं अनुसंधान के साथ साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा विश्वविद्यालय : प्रो दीप्ति धर्माणी

(Bhiwani News) भिवानी। राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने कहा कि महिलाओं की पूर्ण भागीदारी से ही विकसित भारत की संकल्पना को साकार किया जा सकता है। महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज एवं राष्ट्र का विकास संभव नहीं है। राज्यसभा सांसद श्रीमती किरण चौधरी रविवार को चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो दीप्ति धर्माणी की अध्यक्षता में आयोजित देवी अहिल्याबाई होलकर सम्मान समारोह को संबोधित कर रही थी।

मोदी सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में सशक्त एवं अनेक सकारात्मक कदम उठा रही

सांसद श्रीमती किरण चौधरी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में सशक्त एवं अनेक सकारात्मक कदम उठा रही है जिसके अब सार्थक परिणाम आने लगे हैं और आने वाले समय में देश में एक तिहाई आरक्षण के साथ महिलाएं नेतृत्व करेंगी। उन्होंने कहा कि हमारी बेटियों पर हमें पूर्णता गर्व है। महिलाएं आज विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी हैं और अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि हम भारतीय ज्ञान परंपरा का अनुसरण करें और पश्चिम सभ्यता से केवल अच्छी बातें ग्रहण करें। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्याबाई होलकर का महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान है हमें उनके आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के अंतर्गत भिवानी में स्पोर्ट्स कॉलेज खोलने की मांग को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से बात करेंगी।

विश्वविद्यालय खेल, शिक्षा एवं संस्कृति के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर देश में अपनी अलग ही पहचान बना रहा

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो दीप्ति धर्माणी ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उनका परिचय दिया। उन्होंने कहा कि चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय खेल, शिक्षा एवं संस्कृति के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर देश में अपनी अलग ही पहचान बना रहा है और विकास पुरुष चौधरी बंसीलाल के आदर्शों पर चलते हुए उनके सपनों को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

विकास पुरुष के नाम से विख्यात पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय चौधरी बंसी लाल जी के नाम पर स्थापित यह विश्वविद्यालय निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है तथा विद्यार्थियों को रोजगारपरक, संस्कारी व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने को कृत संकल्पित है। बतौर विशिष्ट अतिथि भगत फूलसिंह महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो सुदेश छिकारा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में आयोजित देवी अहिल्याबाई होलकर सम्मान समारोह के सफल एवं सुंदर आयोजन के लिए कुलपति प्रो दीप्ति धर्माणी एवं कुलसचिव डॉ भावना शर्मा सहित समस्त विश्वविद्यालय परिवार बधाई का पात्र है।

कार्यक्रम में बतौर वक्ता राष्ट्रीय सेविका समिति की महासचिव प्रो अंजली जैन ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर 300 वर्ष पूर्व महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए थे जिनको हम आज पूर्ण रूप में देख सकते हैं।

कार्यक्रम में मुख्यातिथियों द्वारा फुटबॉल, कबड्डी, हैंडबॉल, एथलेटिक, डिस्कस थ्रो, बॉक्सिंग, कराटे, वूशु,कुश्ती, जुडो आदि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खेल प्रतिभाओं, प्रशिक्षकों, टीम मैनेजर तथा खेल प्रतिभाओं की माताओं को वीर माता जीजा बाई सम्मान के तहत नकद पुरस्कार ,प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। विभिन्न खेल प्रतिभाओं को कुल 08 लाख तिरसठ हजार की राशि के पुरस्कार वितरित किए गए।

यह भी पढ़ें : Bhiwani News : महाराजा अजमीढ़ धर्मशाला का भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह आयोजित