Bhiwani News : कंपनी व अधिकारियों पर किसानों की सरसों की राशि गबन करने का आरोप

0
164
The company and officials are accused of embezzling the mustard money of the farmers
(Bhiwani News ) लोहारू। ढिगावा कस्वा स्थित भगवती ट्रेडिंग कंपनी व संबंधित अधिकारियों पर किसानों द्वारा बेची गई सरसों की राशि के गबन का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि 23 किसानों की करीब 465 क्विंटल सरसों की राशि का फर्म और संबंधित अधिकारियों ने गबन कर लिया। इस मामले में पीड़िता नीलम सहित 23 किसानों ने स्थानीय थाने में भगवती ट्रेडिंग कंपनी व संबंधित अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरोप है कि कुछ समय बाद सभी उपरोक्त किसानों का टोकन रद्द कर दिए गए

पुलिस को दी शिकायत में ढाणी लालपुर सेहर निवासी नीलम ने बताया कि उसने अपनी सरसों सरकारी खरीद पर बेचने के लिए पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया था। इसके बाद मार्केट कमेटी से टोकन कटवा कर ढिगावा मंडी स्थित भगवती ट्रेडिंग कम्पनी को 9 क्विंटल 90 किलोग्राम सरसों दी थी जिसका उसके पास प्रमाण है। पीडि़ता ने बताया कि कुछ किसान साथ के गांव के व कुछ किसान उसी के गांव के जिसमें अमीत ने 16 क्विंटल 20 किलोग्राम,रविन ने 4 क्विंटल 50 किलोग्राम, सत्यपाल ने 24 क्विंटल 75 किलोग्राम, मांगेराम ने 45 किलोग्राम, नरेश ने 49 क्विंटल 50 किलोग्राम, वेदप्रकाश निवासी ढाणा जोगी ने 24 क्विंटल 75 किलो, जयसिंह निवासी सेहर तहसील ने 24 क्विंटल 75 किलोग्राम, कृष्ण कुमार की 7 क्विंटल 65 किलोग्राम, सुनील देवी ने 52 क्विंटल व राजेन्द्र ने 19 क्विंटल 80 किलोग्राम,चतरभु ने 24 क्विंटल 75 किलोग्राम सरसों, प्रदीप कुमार 6 क्विंटल 75 किलोग्राम, नीतू 10 क्विंटल 80 किलोग्राम, शर्मीला 23 क्विंटल 85 किलोग्राम, पवन कुमार 50 क्विंटल 40 किलोग्राम, कृष्णा 32 क्विंटल 40 किलोग्राम, अनिता 7 क्विंटल 65 किलोग्राम और नवीन कुमार 5 क्विंटल 85 किलोग्राम सरसों, फुल कौर ने 2 क्विंटल 25 किलोग्राम, कैलाश पति ने 15 क्विंटल 75 किलोग्राम, अशोक कुमार गांव झुम्पा कलां की 24 क्विंटल 75 किलोग्राम सरसों, राजेश निवासी गांव ढाढ़ोत की 21 क्विंटल 60 किलोग्राम सरसों व रवि निवासी मिट्ठी की 2 क्विंटल 25 किलोग्राम सरसों और कुलदीप निवासी गांव तिवाला की 24 क्विंटल 75 किलोग्राम सरसों इस प्रकार से करीब 465 क्विंटल सरसों ढिगावा मंडी में खरीद के लिए डाली गई थी। आरोप है कि कुछ समय बाद सभी उपरोक्त किसानों का टोकन रद्द कर दिए गए। उपरोक्त भगवती ट्रेडिंग कंपनी की मालिक प्रमिला व मार्केट कमेटी के कर्मचारी व हैफड के कर्मचारियों ने मिलीभगत करके किसानों की सरसों का गबन करने का काम किया है। मामले की शिकायत स्थानीय थाने में दी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि ढाणी लालपुर सेहर निवासी नीलम ने 23 किसानों की सरसों की राशि गबन करने की शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में गंभीरता से जांच की जाएगी जो भी दोषी होगा कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बॉक्स: इस बारे में तत्कालीन हैफेड मैनेजर ने बताया कि उनके पास एमडी हैफेड का पत्र आया था कि उनके अधीन आने वाली मंडियों का निरीक्षण किया जाए व जिस भी फर्म के पास मौके पर सरसों नहीं है उसकी रिपोर्ट दी जाए। इसके बाद 5 सदस्यीय कमेटी जिसमें पर्चेजर, हैफेड मैनेजर,डीएम हैफेड भिवानी, फूड एंड सप्लाई इंस्पेक्टर, मार्केट कमेटी सचिव शामिल थे जिन्होंने मंडियों का निरीक्षण किया था। ढिगावा स्थित भगवती ट्रेडिंग कंपनी पर सरसों का स्टॉक नहीं था जिसके चलते बचे हुए टोकन को रद्द किया गया था। उन्होंने बताया कि जिन किसानों की सरसों थी उनकी पेमेंट भगवती ट्रेडिंग कंपनी को करनी थी जिसके एवज में फर्म से एफिडेविट भी लिया गया था। इस मामले में विभाग के कर्मचारियों पर किसी प्रकार का आरोप निराधार है।