• लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था साइकिल यात्रा का उद्देश्य : डॉ. एनके गर्ग

(Bhiwani News) भिवानी। रविवार को शहर की सडक़ों पर अनोखा नजारा देखने को मिला, जब भारतीय खेल प्राधिकरण के भिवानी प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षको, अधिकारी एवं कर्मचारी एवं भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) की भिवानी शाखा के संयुक्त तत्वावधान में फिट इंडिया संडे ऑन साईकिल यात्रा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार की फिट इंडिया पहल के तहत आयोजित किया गया था।

जिसमें आईएमए भिवानी शाखा के नोडल अधिकारी डा. नरेश गर्ग एवं डा. राज महता ने विशेष तौर पर पहुंचकर साइकिल यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस बारे में जानकारी देते हुए मुख्य कुश्ती प्रशिक्षक हेमंत यादव ने बताया कि फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल यात्रा का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और व्यायाम के महत्व को समझने के लिए प्रोत्साहित करना था। उन्होंने बताया कि इस साइकिल यात्रा में भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र भिवानी और आईएमए के सदस्यों सहित स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

उन्होंने बताया कि साइकिल यात्रा ने शहर के विभिन्न हिस्सों से होती हुई लोगों को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर नोडल अधिकारी डा. नरेश गर्ग ने कहा कि साइकिल चलाना एक अच्छा व्यायाम है जो हमारे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को चाहिए कि वह अधिक से अधिक साइकिल का प्रयोग करें, इससे एक तरफ जहां वे स्वस्थ रह सकेंगे तो वही दूसरी तरफ पर्यावरण को भी इससे लाभ होगा। आईएमए भिवानी के अध्यक्ष डा. राज मेहता ने कहा कि हमें उम्मीद है कि यह कार्यक्रम लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करेगा और हमारे शहर को स्वस्थ और फिट बनाने में मदद करेगा।

Bhiwani News : हरियाणा स्टेट हैंडबॉल एसोसिएशन का चुनाव संपन्न