(Bhiwani News) भिवानी। हरियाणा जो कभी अपनी शक्ति, परिश्रम और अद्वितीय प्रतिभा के कारण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुका था, आज एक गंभीर संकट का सामना कर रहा है। नशे की लत प्रदेश के युवाओं को खोखला कर रही है, जिससे उनकी ऊर्जा, भविष्य और समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। इस चिंताजनक स्थिति पर विचार करते हुए युवा कल्याण संगठन के संरक्षक कमल सिंह प्रधान ने गांव दरियापुर में ग्रामीणों से बातचीत के दौरान इस विषय पर गहरी चिंता व्यक्त की।

हरियाणा प्रदेश मेहनतकश जीवनशैली के लिए पूरे देश और विश्व में प्रसिद्ध रहा

उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, खान-पान और मेहनतकश जीवनशैली के लिए पूरे देश और विश्व में प्रसिद्ध रहा है। लेकिन, हाल के वर्षों में प्रदेश के युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है, जिससे समाज का भविष्य खतरे में पड़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को खोखला करता है और यदि समय रहते इस पर नियंत्रण नहीं किया गया तो इसका दुष्परिणाम पूरी पीढ़ी को भुगतना पड़ सकता है।

विभिन्न गांवों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा

कमल सिंह प्रधान ने कहा कि तोशाम हल्के के विभिन्न गांवों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिससे युवाओं को नशे के घातक प्रभावों के बारे में जानकारी दी जा सके। इस अभियान के तहत उन्हें प्रेरित किया जाएगा कि वे इस विनाशकारी जाल से बाहर निकलकर अपने जीवन को सार्थक दिशा दें। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही किसी भी राष्ट्र की रीढ़ होती है और यदि युवा अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाएं तो न केवल अपना भविष्य संवार सकते हैं, बल्कि समाज और देश की उन्नति में भी योगदान दे सकते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि युवा कल्याण संगठन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सुमार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करना और सकारात्मक सोच एवं सद्भावना के मार्ग पर अग्रसर करना है। संगठन द्वारा गांव-गांव जाकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें नशे के दुष्प्रभाव, स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव और इसके सामाजिक परिणामों की जानकारी दी जाएगी।

युवाओं को नशे से बचाने के लिए केवल सरकार और संगठनों की जिम्मेदारी नहीं

कमल सिंह प्रधान ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए केवल सरकार और संगठनों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज को मिलकर प्रयास करने होंगे। माता-पिता को अपने बच्चों पर विशेष ध्यान देना होगा, शिक्षकों को विद्यार्थियों को सही मार्ग दिखाना होगा और सामाजिक संगठनों को निरंतर जागरूकता अभियान चलाने होंगे।
इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और युवा संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।

सभी ने इस मुहिम का समर्थन किया और नशा मुक्त समाज बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों में बलबीर सिंह बाजाड़, दयानंद हवलदार, मुकेश शर्मा (ढाणीमाहु), अनिल शेषमा, अपूर्व यादव, अनिल पंघाल, राजेश पंघाल, योगेश (खरकड़ी), छोटू (खरकड़ी), ओमप्रकाश जोगी, मिंटू प्रजापति, गुलाब (बीडीसी मेंबर) और जसवंत छिप्पी सहित कई अन्य प्रमुख लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : Bhiwani News : जेल में पौधरोपण कर दिया स्वच्छ पर्यावरण का संदेश