Bhiwani News : 37 वर्षो बाद प्रजापति समाज को राजनीतिक भागीदारी व बिना पर्ची-बिना खर्ची रोजगार देने पर बांटे लड्डू

0
7
After 37 years, Laddus were distributed to Prajapati community for political participation and providing employment without any slip or expense
लड्डू बांटकर जश्न मनाते प्रजापति समाज के लोग।

(Bhiwani News) भिवानी। स्थानीय दिनोद गेट स्थित चेतराम प्रजापति धर्मशाला में रविवार को प्रजापति जागृति मंच भिवानी द्वारा जश्र कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर 37 वर्षो बाद हरियाणा के मंत्रिमंडल में प्रजापति समाज की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा बिना पर्ची-बिना खर्ची प्रजापति समाज के युवाओं को नौकरी लगाने पर ढोल-नगाड़े बजाकर व लड्डू बांटकर खुशी मनाई तथा भारतीय जनता पार्टी व प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताया गया।

प्रजापति जागृति मंच भिवानी के प्रधान शिव कुमार प्रजापति ने कहा कि वर्ष 1987 के बाद प्रजापति समाज के किसी भी विधायक को हरियाणा मंत्रिमंडल में स्थान नहीं मिला था, जिसके कारण प्रजापति समाज का राजनीतिक उत्थान रुका हुआ था। लेकिन अब प्रदेश की नायब सैनी सरकार ने तीन बार के विधायक रणबीर गंगवा को कैबिनेट मंत्री बनाकर 37 वर्षो बाद प्रजापति समाज की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित की है।

शिवकुमार प्रजापति ने कहा कि इसके अलावा भाजपा सरकार की बिना पर्ची-बिना खर्ची नीति के चलते प्रदेश भर में प्रजापति समाज के 1100 से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है। जिसके लिए भी वे सरकार का आभार जताते है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनहित की सरकार है, जो कि प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर आगे चलने की सोच रखती है तथा प्रत्येक वर्ग को आगे बढ़ने का समान अवसर उपलब्ध करवाती है, ताकि प्रदेश का सर्वांगीण विकास हो सकें।

 

यह भी पढ़ें :  Bhiwani News : आरक्षण में वर्गीकरण के फैसले पर संत दुर्बलनाथ शक्तिपीठ संस्थान खटीक समाज ट्रस्ट ने जताई खुशी