Pakistan Breaking News : पाकिस्तानी सेना पर बलूच लड़ाकों का हमला

0
85
Pakistan Breaking News : पाकिस्तानी सेना पर बलूच लड़ाकों का हमला
Pakistan Breaking News : पाकिस्तानी सेना पर बलूच लड़ाकों का हमला

पांच अधिकारियों की मौत, 12 सैन्यकर्मी घायल

Pakistan Breaking News (आज समाज), इस्लामाबाद : भारत के पड़ौसी देश पाकिस्तान में हालात दिन ब दिन बदत्तर होते जा रहे हैं। पाकिस्तान के ही एक हिस्से बलूचिस्तान में लोग बगावत पर उतर आए हैं और वे पाकिस्तान से आजाद होकर एक अलग देश बनाना चाहते हैं। इसी को लेकर बलूच लड़ाके लगातार पाकिस्तान की सेना और अन्य वाहनों को लगातार निशाना बना रहे हैं।

पिछले सप्ताह रेलगाड़ी हाईजैक की

पिछले सप्ताह जहां बलूच लड़ाकों ने पाकिस्तान की पूरी रेलगाड़ी हाईजैक कर ली थी। विद्रोहियों ने पटरी को उड़ा दिया और ट्रेन के रुकते ही उस पर कब्जा जमा लिया था। नौ डिब्बों की ट्रेन में 400 से अधिक यात्री सवार थे। बीएलए ने हमले की जिम्मेदारी ली थी और 214 यात्रियों को बंधक बनाने का दावा किया था। विद्रोहियों ने जब ट्रेन पर हमला किया था तब 21 यात्रियों की हत्या कर दी थी। जवाब में सुरक्षा बलों ने अभियान चलाकर सभी 33 हमलावरों को मार गिराया था। वहीं रविवार को एक बार फिर से उन्होंने पाकिस्तानी सेना के काफिले को निशाना बनाया।

बलूच लिबरेशन आर्मी ने ली हमले की जिम्मेदार

पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान के नौशकी में सुरक्षा बलों को लेकर जा रही बस में विस्फोट हो गया। हमले में पांच सैन्य अधिकारियों की मौत हो गई। जबकि 12 सैन्यकर्मी घायल हो गए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बलूच लिबरेशन आर्मी ने हमले की जिम्मेदारी ली है। वहीं बलूचिस्तान सरकार ने हमले की निंदा की है। पुलिस ने बताया कि पाकिस्तानी सेना की बसें सुरक्षा बलों को लेकर जा रही थीं। स्थानीय पुलिस प्रमुख जफर जमानानी ने बताया कि बलूचिस्तान के नौशकी जिले में नौशकी-दलबंदिन राजमार्ग पर एक बस के पास सड़क किनारे बम विस्फोट हुआ। विस्फोट से पास की एक दूसरी बस भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतकों और घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया।

बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री ने की हमले की निंदा

बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने हमले की निंदा की। बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना एक क्रूर कृत्य है। रिंद ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। रिंद ने कहा कि शत्रु तत्व देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। आतंक के जरिये लोगों का मनोबल नहीं गिराया जा सकता। हम दुख की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं।

ये भी पढ़ें : PM Modi News : पाकिस्तान ने हमेशा हमें धोखा दिया : नरेंद्र मोदी