
Aaj Samaj (आज समाज), Aware Of Women’s Safety , नीरज कौशिक, महेंद्रगढ़: महिला सुरक्षा और महिला अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के तहत पुलिस विभाग की ओर से मंगलवार को आरपीएस कॉलेज बलाना में जागरूकता अभियान चलाया गया। यहां एनएसएस कैडेट्स को महिला सुरक्षा संबंधी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
महिलाओं, बेटियों को स्वावलंबी और सुरक्षित बनाने तथा उनके अधिकारों के संबंध में जागरूक करने व उनके साथ घटित होने वाले अपराधों पर प्रभावी रोकथाम करते हुए उनमें सुरक्षा, आत्मविश्वास की भावना जागृत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा के निर्देशानुसार पुलिस द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत आरपीएस कालेज में पुलिस टीम ने एनएसएस छात्राओं से संवाद किया। दुर्गा शक्ति टीम इंचार्ज निरीक्षक मिनाक्षी ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए विभिन्न हेल्प लाइन नंबरों व नियमों, महिलाओं के विरुद्ध घटित होने वाले अन्य अपराधों पर कानूनी कार्रवाई के संबंध में विस्तृत रुप से जानकारी दी।
दुर्गा शक्ति टीम ने बताया कि आपात की स्थिति में 112 पर कॉल करें, इसके साथ ही डायल 112 के ट्रिप मॉनिटरिंग के बारे में जानकारी दी। टीम ने बताया कि जिले के 5 थानों में महिला हेल्प डेस्क भी स्थापित है और जिले में वन स्टॉप सेंटर महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए बना हुआ है। किसी महिला के साथ मारपीट, लड़कियों के साथ छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, एसिड अटैक, दहेज उत्पीड़न या अन्य कोई घटना होती है तो उसके लिए वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से पीड़ित महिला को न्याय दिलाने के लिए कार्य किया जाता है। उन्होंने कहा कि अधिकारों की जानकारी नहीं होने से लोगों का शोषण होता है। अपने अधिकारों के प्रति हमें जागरूक होना होगा।
कहीं भी हिंसा होती है तो उसके खिलाफ आवाज उठाएं। पुलिस हरसंभव मदद करेगी। टीम ने स्वयंसेवकों को यातायात के नियमों, साइबर अपराध, फर्जी काल और अन्य सुरक्षा के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि साइबर क्राइम को जागरूकता से ही रोका जा सकता है। सभी यातायात नियमों का पालन करें और लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें।
यह भी पढ़ें : Lok Sabha General Election: एडीसी ने किया विभिन्न बूथों का दौरा
यह भी पढ़ें : Food Safety Act: एक माह में 7 मिसब्रांडेड, 7 अवमानक व 2 अपंजीकृत के केसों में 9 लाख 46 हजार 487 रूपए के चालान