उत्तराखंड के चमौली के बाद हिमाचल के लाहौल-स्पीति में हुआ हिमस्खलन, बड़ा नुकसान होने से बचा
Weather Update (आज समाज), नई दिल्ली : शुक्रवार को उतराखंड के चमौली जिले के माना में हिमस्खलन हुआ। इसमें करीब 54 लोग फंस गए। इनमें से आठ की मौत हो गई और बाकी को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। बचाव दलों ने रविवार को ही बचाव अभियान समाप्त करने का ऐलान किया था।
वहीं रविवार रात को ऐसा ही हिमस्खलन हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में हुआ। दरअसल भारी हिमपात के बीच स्पीति घाटी के गयू गांव के पास भारी हिमस्खलन हुआ, जिसकी चपेट में आने से आईटीबीपी का कैंप बाल-बाल बच गया। गनीमत यह रही कि बर्फीला तूफान आईटीबीपी कैंप से मात्र 200 मीटर पहले ही आकर थम गया। जिससे सभी ने राहत की सांस ली।
पहाड़ी राज्यों में मौसम रहेगा परिवर्तनशील
इसी बची मौसम विभाग ने एक और पश्चिमी विक्षोभ के आज और कल सक्रिय होने की संभावना जताई है। इस ताजा पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर समेत पश्चिम हिमालयी क्षेत्र और आसपास के मैदानी इलाके में 3 और 4 फरवरी को छिटपुट बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।
इन क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी संभव
आईएमडी के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में भी सोमवार और मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और चोटियों पर बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान गरज के साथ छींटे पड़ने और बिजली गिरने की भी संभावना है। सोमवार को बारिश और बर्फबारी की तीव्रता अधिक रह सकती है। सोमवार और मंगलवार को पंजाब में भी बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
राजधानी दिल्ली में ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी दिल्ली में भी आज सुबह धुंध छाने की संभावना है। आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें : Uttarakhand Avalanche Update : माना हिमस्खलन बचाव अभियान समाप्त
ये भी पढ़ें : Breaking Hindi News : मुश्किल में फंसी पूर्व सेबी अध्यक्ष माधवी