Hisar News: हांसी में भाजपा विधायक को गोली मारने का प्रयास

0
160
विनोद भयाना
विनोद भयाना

ट्रक यूनियन जमीन विवाद में मौके पर गए थे भयाना
Hisar News (आज समाज) हिसार: हरियाणा के हांसी में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। हांसी में ट्रक यूनियन में जमीनी विवाद में पहुंचे भाजपा विधायक विनोद भयाना पर बदमाशों ने सरेआम पिस्तौल तान दी और गोली चलाने का प्रयास भी किया। लोगों की भीड़ बढ़ी तो बदमाश पिस्तौल छोड़ कर भाग गए। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। वारदात को लेकर ट्रक यूनियन के पूर्व प्रधान संजय कसाना ने पुलिस को शिकायत दी है। ट्रक यूनियन ने जमीन पर फिर कब्जा कर लिया है। जानकारी के अनुसार हांसी में तोशाम रोड स्थित ट्रक यूनियन की 6 हजार गज जमीन को लेकर विवाद है। इस जमीन से 5 दिन पहले प्रशासन ने ट्रक यूनियन का कब्जा हटवाया था। यह जमीन पुरानी वक्फ बोर्ड की है। 5 दिन पहले ही जमीन पर वक्फ बोर्ड ने चार लीज धारकों को कब्जा दिलवाया था। यह चारों लीज धारक 16 सालों से किराया भर रहे थे।

ट्रक यूनियन व दुकानें रही बंद

प्रशासन की कार्रवाई के विरोध में ट्रक यूनियन व आॅटो मिस्त्रियों ने आज सुबह से अपनी दुकान में भी बंद रखी। वहीं ट्रक यूनियन ने हांसी के विधायक विनोद भयाना से संपर्क किया। इसके बाद भाजपा विधायक मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि इस दौरान विधायक ने मिट्टी के ढेर पर चढ़कर दीवार की परली तरफ देखा। वहां बैठे व्यक्तियों को अपने पास बुलाया। आरोप है कि इसी दौरान एक बदमाश ने विधायक पर दोनाली बंदूक तान दी। बताया गया है कि एक अन्य युवक पिस्तौल लिए हुए विधायक की तरफ आ गया। आरोप है कि उसने विधायक विनोद भयाना पर गोली चलाने का प्रयास किया। ट्रक यूनियन के सदस्यों के अनुसार विधायक पर गोली चलाने का प्रयास किया गया। लेकिन किसी ने युवक के हाथ पर पत्थर मार दिया। इससे उसकी पिस्टल नीचे पर गिर गई। ट्रक यूनियन के सदस्यों की भीड़ बढ़ते हुए देखकर सभी बदमाश वहां से फरार हो गए। पिस्तौल को पुलिस को सौंप दिया गया। वहीं दीवार तोड़कर ट्रक यूनियन ने उसे जमीन पर फिर से अपना कब्जा कर लिया और वहां पर ट्रक खड़े कर दिए। घटना की जानकारी मिलने पर काफी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। फिलहाल पुलिस बल मौके पर तैनात है। मौके पर पहुंचे डीएसपी धीरज कुमार व एसएचओ सिटी को ट्रक यूनियन के पूर्व प्रधान संजय कसाना ने लिखित में शिकायत दी। मामले में पुलिस छानबीन करने में जुट गई है।