Assam Gang Rape: आरोपी तफजुल इस्लाम ने पुलिस कस्टडी से भागकर तालाब में लगाई छलांग, मौत

0
65
Assam Gang Rape आरोपी तफजुल इस्लाम ने पुलिस कस्टडी से भागकर तालाब में लगाई छलांग, मौत
Assam Gang Rape : आरोपी तफजुल इस्लाम ने पुलिस कस्टडी से भागकर तालाब में लगाई छलांग, मौत

Gang Rape With 14 Year Old Girl, (आज समाज), गुवाहाटी: असम गैंगरेप के मुख्य आरोपी तफजुल इस्लाम की डूबने से मौत हो गई है। पुलिस हिरासत से भागने के दौरान आज अलसुबह वह तालाब में कूद गया था। राज्य के नगांव जिले में 14 साल की लड़की से हाल ही में गैंगरेप का मामला सामने आया था और इसका मुख्य आरोपी तफजुल इस्लाम था।

क्राइम सीन रिक्रिएट करने के लिए ले रहे थे पुलिसकर्मी

नगांव एसपी स्वप्ननील डेका ने बताया कि आरोपी को शुक्रवार यानी पिछले कल गिरफ्तार किया गया था और आज सुबह करीब 3:30 बजे उसे घटनास्थल पर क्राइम सीन रिक्रिएट करने के मकसद से पुलिसकर्मी ले जा रहे थे। इस बीच उसने भागने की कोशिश की और तालाब में कूद गया। पुलिस ने तुरंत सर्च आॅपरेशन शुरू किया। मौके पर एसडीआरएफ की टीम भी पहुंची। करीब 2 घंटे की तलाश के बाद आरोपी का शव तालाब से बरामद किया गया।

ट्यूशन से लौट रही थी लड़की

नगांव के ढींग में इसी सप्ताह गुरुवार की शाम को तीन लोगों ने ट्यूशन से लौट रही लड़की के साथ दुष्कर्म किया था। पीड़ित अपनी साइकिल से ट्यूशन से घर लौट रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीनों दरिंदों ने लड़की को घेरकर वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद आरोपी पीड़ित को एक तालाब के पास सड़क किनारे बेहोश और जख्मी हालत में छोड़कर भाग गए। स्थानीय लोगों ने उसे देखा और अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस को भी सूचना दी गई।

अब तक दो आरोपी अरेस्ट

पुलिस ने अब तक दो आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक (तफजुल इस्लाम) की मौत हो गई। तीसरे की तलाश जारी है। घटना के बाद पूरे असम में विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। कई संगठनों ने शुक्रवार को ढींग में एक दिन बंद का आह्वान किया। डीजीपी जीपी सिंह के ढींग पहुंचने पर इलाके में तनाव और बढ़ गया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोग सड़कों पर उतर आए। दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। सामाजिक संस्थानों और राजनीतिक दलों ने दरिंदों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और महिलाओं व लड़कियों के लिए सुरक्षा की मांग की है।

किसी को नहीं बख्शा जाएगा : सीएम सरमा

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को कहा, ढींग में हुई घटना मानवता के खिलाफ अपराध है और हम किसी को नहीं बख्शेंगे। आरोपियों को न्याय के कटघरे में लाएंगे। उन्होंने कहा, मैंने डीजीपी डीजीपी को मौके का दौरा करने और ऐसे राक्षसों के खिलाफ जल्द से जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।