गुरुवार रात से लापता था भारत भूषण, मानकपुर इंडस्ट्रियल एरिया में पड़ा मिला शव
Yamunanagar News (आज समाज) यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर के मानकपुर इंडस्ट्रियल एरिया से पुलिस ने एक व्यक्ति का शव बरामद किया है। व्यक्ति की चाकू से गला काटकर हत्या की गई है। चाकू के कई वार कर गला धड़ से अलग कर दिया गया। मृतक की पहचान गांव मुंडा खेड़ा के रहने वाले भारत भूषण के रूप में हुई।
भारत भूषण का भाई कमलवीर सिंह हरियाणा पुलिस में असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात है। इस समय उसकी ड्यूटी हरियाणा पुलिस की 112 सेवा पर है। मृतक के पिता जगमाल सिंह गांव के पूर्व सरपंच हैं। भारत भूषण ने पत्ता कुट्टी मशीन लगा रखी थी। वह अविवाहित था और पैरालाइसिस से पीड़ित था।
मानकपुर इंडस्ट्रियल एरिया में मिली मोबाइल की लोकेशन
मृतक के भाई कमलवीर सिंह ने बताया कि उसका बड़ा भाई भारत भूषण गुरुवार की शाम छह बजे घर से गया था। जाते वक्त मां से कहा था कि अभी आ रहा हूं थोड़ी देर में। मगर रात 11:30 बजे तक वह घर नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसे मोबाइल पर कॉल की, जो रिसीव नहीं की गई।
रात भर परिजन उसका इंतजार कर कॉल करते रहे, लेकिन उससे संपर्क नहीं हो सका। शुक्रवार सुबह 8 बजे ही वह एसपी आॅफिस पहुंचे और मामले की जानकारी देकर भाई के मोबाइल की लोकेशन निकलवाई। लोकेशन यमुनानगर के मानकपुर इंडस्ट्रियल एरिया में मिली। वह तुरंत लोकेशन पर पहुंचे। यहां भारत भूषण का शव देख उनके होश उड़ गए।
पुलिस ने शव को लिया कब्जे में
भाई कमलवीर सिंह के बताया कि भारतभूषण का शव सड़क पर पड़ा था। गला काट दिया गया था। उसकी सफेद रंग की कार (एचआर-02-एच-7115) बराबर में ही खड़ी थी। इसकी सूचना तुरंत जगाधरी सदर थाना पुलिस को दी। थाना प्रभारी तरसेम सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। आला पुलिस अफसरों को भी मामले की जानकारी दी।
कार से मोबाइल, शराब-सोडा की बोतल बरामद, जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी तरसेम सिंह के मुताबिक कार से मोबाइल, शराब, पानी की बोतल और सोडा बरामद हुआ है। मृतक के गले पर चाकू से कई वार किए गए हैं। सूचना देकर फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
फोरेंसिक टीम ने मौके से बरामद बोतल, मोबाइल और कार आदि से फिंगरप्रिंट उठाए। थाना प्रभारी तरसेम सिंह ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस व्यापारिक लेनदेन समेत अन्य एंगल से मामले की जांच कर रही है। कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है।
ये भी पढ़ें : हरियाणा में इंस्पेक्टर भर्ती का मामला गरमाया
ये भी पढ़ें : पंजाब के हॉकी प्लेयर मनदीप सिंह ने हरियाणा की उदिता दूहन से रचाई शादी