First Indian AI Server Adipoli (आज समाज), नई दिल्ली: केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भारत के पहले पूरी तरह से डिजाइन किए गए एआई सर्वर आदिपोली का प्रदर्शन किया। इसे वीवीडीएन (VVDN) टेक्नोलॉजीज ने विकसित किया है। वैष्णव ने मानेसर में वीवीडीएन टेक्नोलॉजीज के ग्लोबल इनोवेशन पार्क में इस बात पर प्रकाश डाला कि एआई सर्वर ‘आदिपोली’ 8 जीपीयू से लैस है और इसे पूरी तरह से भारत में डिजाइन किया गया है। उन्होंने बताया कि ‘आदिपोली’ उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स और कृत्रिम बुद्धिमत्ता में देश की बढ़ती ताकत को रेखांकित करता है।

ये भी पढ़ें : PM Modi Elon Musk Discussion: प्रौद्योगिकी और नवाचार में सहयोग की संभावनाओं पर हुई चर्चा

वीवीडीएन टेक्नोलॉजीज के प्रयासों की प्रशंसा की

केंद्रीय मंत्री ने VVDN टेक्नोलॉजीज के प्रयासों की प्रशंसा की और लॉन्च को ‘मेक इन इंडिया’ पहल के लिए एक बड़ा कदम बताया। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में बने इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद तेजी से विश्वसनीय और वैश्विक रूप से प्रतिस्पर्धी बन रहे हैं। अश्विनी वैष्णव ने इस बात पर जोर दिया कि बौद्धिक संपदा अधिकारों की रक्षा पर भारत का ध्यान अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मान्यता प्राप्त कर रहा है, निवेशकों का विश्वास बढ़ा रहा है और देश में नवाचार को प्रोत्साहित कर रहा है।

‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत प्रगति पर भी प्रकाश डाला

अशवनी वैष्णव ने सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ (Make in India) पहल के तहत की गई तीव्र प्रगति पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, समय के साथ, भारत ने इलेक्ट्रॉनिक्स डिजाइन में मजबूत क्षमताएं विकसित की हैं। इन क्षमताओं में अब आॅटोमोबाइल क्षेत्र, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, सिग्नलिंग और सुरक्षा प्रणालियों से संबंधित उत्पाद शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भारत में ऐसे उत्पादों का डिजाइन व विनिर्माण बहुत तेजी से हो रहा है और यह प्रधानमंत्री के ‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम के तहत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

5,000 इंजीनियरों की एक बड़ी डिजाइन टीम

अशवनी वैष्णव ने जोर देकर कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण विकास विनिर्माण फर्मों के भीतर बड़े पैमाने पर डिजाइन टीमों का उदय रहा है। उन्होंने कहा, हमारे पास यहां 5,000 इंजीनियरों की एक बड़ी डिजाइन टीम है। ये युवा इंजीनियर कुछ सबसे जटिल उत्पादों को डिजाइन कर रहे हैं, जो एआई से जुड़े हैं और विरासत प्रणालियों से बहुत आगे हैं। वैष्णव ने जोर देकर कहा कि भारत की बढ़त इसकी डिजाइन प्रतिभा में निहित है – कुछ ऐसा जो कई अन्य देशों में नहीं है।

ये भी पढ़ें : Brain Typing AI Technology: अब सोचने भर से ही टाइप हो जाएगा टेक्स्ट