नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार अपनी चरम सीमा पर है। आरोप प्रत्यारोप, राष्ट्रवाद, बिजली, पानी जैसे तमाम मुद्दे जनता को लुभाने के लिए हर प्रयास किया जा रहा है। सभी पार्टियां अपना पूरा जोर चुनाव जीतने में लगा रही हैं। इस बीच सीएम अरविंद केजरीवाल को भाजपा द्वारा आतंकी बोलने पर उनकी बेटी सामने आर्इं और भाजपा पर पलटवार किया। आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल की बेटी हर्षिता केजरीवाल ने केजरीवाल सरकार द्वारा नि:शुल्क शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधा का बचाव किया है और कहा है कि क्या स्वास्थ्य सुविधाओं को मुफ्त करना आतंकवाद है?
समाचार एजेंसी के मुताबिक, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की बेटी हर्षिता केजरीवाल ने कहा, ‘वे कहते हैं कि राजनीति गंदा है, लेकिन यह एक नया गिरा हुआ स्तर है। अगर स्वास्थ्य सुविधाओं को लोगों के लिए मुफ्त में बनाया जाता है और अगर बच्चों को शिक्षित बनाया जाता है तो क्या यह आतंकवाद है? अगर बिजली और पानी की आपूर्ति में सुधार किया जाता है तो क्या यह आतंकवाद है?’ हर्षिता केजरीवाल ने चुनावों से ठीक पहले भाजपा द्वारा अपने पिता को आतंकवादी कहे जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि ‘मेरे पिता हमेशा सामाजिक सेवाओं में रहे हैं। मुझे अभी भी याद है कि वे हमें सुबह 6 बजे जगाते थे- मैं, मेरे भाई, मां, दादा-दादी। वह हमें भगवद् गीता पढ़ाते हैं और ‘इंसान से इंसान का हो भाईचारा’ गीत गाते हैं और हमें इसके बारे में पढ़ाते हैं। क्या यह आतंकवाद है?’साथ ही हर्षिता ने यह भी कहा कि उन्हें आरोप लगाने दें…उन्हें 200 सांसद और 11 मुख्यमंत्री लाने दें। केवल हम ही नहीं, बल्कि 2 करोड़ आम लोग भी चुनाव प्रचार कर रहे हैं। वे उन्हें 11 फरवरी को दिखा देंगे कि वे आरोपों के आधार पर वोट डालते हैं या काम के आधार पर।’